Sunday, 25 October 2026
पंजाब
Punjab News: सिविल अस्पताल में मरीज ने मचाया बवाल, महिला डॉक्टर से बदसलूकी और मारपीट
डेली संवाद, खरड़/मोहाली। Punjab News: मोहाली जिले के खरड़ सिविल अस्पताल में 24 अक्टूबर की रात उस समय हंगामा हो गया, जब एक मरीज ने कथित तौर पर ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर और अस्पताल के कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
महिला डॉक्टर डॉ. हरशरनप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि युवक ने उनका गला पकड़कर नीचे गिरा दिया और शर्ट पकड़कर खींचने के दौरान उनके कपड़ों के बटन तोड़ दिए। इस घटना में उनका स्टेथोस्कोप भी टूट गया। पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर आरोपी रजतपाल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
मरीज की जांच के बाद अचानक करने लगा हंगामा
पुलिस को दिए बयान में 29 वर्षीय मेडिकल ऑफिसर डॉ. हरशरनप्रीत कौर ने बताया कि 24 अक्टूबर को उनकी ड्यूटी रात 8 बजे शुरू हुई थी। करीब 8:30 बजे वह अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात थीं। इसी दौरान एक लड़की ने उनसे मरीज रजत पाल की जांच करने का अनुरोध किया। डॉक्टर के अनुसार, वह इमरजेंसी ड्यूटी रूम से वार्ड में गईं और मरीज की जांच की।
उस समय मरीज की हालत ठीक थी, लेकिन कुछ देर बाद वह अचानक हाथ-पैर मारने लगा। इसके बाद डॉक्टर ने अस्पताल के स्टाफ को उसे माइनर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में ले जाने के लिए कहा। आरोप है कि माइनर ओटी में पहुंचने के बाद युवक ने अस्पताल के कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। डॉक्टर और स्टाफ ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह शांत नहीं हुआ।
महिला डॉक्टर का गला पकड़कर नीचे गिराने का आरोप
डॉ. हरशरनप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने युवक को शांत कराने का प्रयास किया तो उसने उनका गला पकड़ लिया और उन्हें नीचे गिरा दिया। इसके बाद युवक ने उनकी शर्ट पकड़कर खींची, जिससे शर्ट के बटन टूट गए।
आरोप है कि उसने डॉक्टर को शर्ट से पकड़कर घुमाया, जिस कारण उनके गले में पड़ा स्टेथोस्कोप भी टूट गया। डॉक्टर के मुताबिक, आरोपी ने अस्पताल के अन्य कर्मचारियों के साथ भी हाथापाई की। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बीच-बचाव करने आए एंबुलेंस चालक के कपड़े फाड़े
डॉक्टर ने बताया कि स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने अस्पताल के एंबुलेंस चालक सतनाम सिंह को मदद के लिए आवाज लगाई। आरोप है कि मौके पर पहुंचे सतनाम सिंह के साथ भी आरोपी ने हाथापाई की और उनके कपड़े फाड़ दिए।
यह भी पढ़ें: जालंधर के 66 फुटी रोड पर सट्टेबाजी का 'उत्तम' खेल, सट्टा किंग RK के खिलाफ ED में शिकायत
डॉक्टर ने आशंका जताई कि युवक ने किसी प्रकार का नशा किया हुआ हो सकता है। हालांकि, नशा करने की बात की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ा
पुलिस के अनुसार, थाना सिटी खरड़ में झगड़े की सूचना मिलने के बाद एएसआई राज कुमार ने महिला पुलिस कर्मचारी को अस्पताल भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अस्पताल की इमरजेंसी में डॉ. हरशरनप्रीत कौर से मुलाकात के दौरान स्टाफ ने एक युवक को पकड़ रखा था।
पूछताछ में उसकी पहचान रजतपाल सिंह, निवासी हीरा सिंह नगर, खरड़, जिला एसएएस नगर, के रूप में हुई। मौके पर पहुंचीं कांस्टेबल जसविंदर कौर की मौजूदगी में डॉक्टर ने पुलिस को बयान दिया। स्टाफ नर्स अनीशा और एंबुलेंस चालक सतनाम सिंह ने भी घटना के संबंध में बयान की पुष्टि की।
BNS की धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने डॉक्टर के बयान के आधार पर आरोपी रजतपाल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 132, 221 और 76 के साथ सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। घटना ने अस्पतालों में ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं।