Friday, 30 October 2026
पंजाब
Punjab News: पटाखों के गोदाम में लगी आग बनी काल, मलबे में दबकर AAP नेता के भाई ने की मौत
डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता गोल्डी सब्बरवाल के पटाखा गोदाम में अचानक आग लग गई। आग के दौरान गोदाम में कई धमाके हुए, जिससे एक दीवार ढह गई। दीवार के मलबे के नीचे दबने से AAP नेता के चाचा के बेटे साहिल सब्बरवाल (27) की मौत हो गई।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस की ओर से आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गोदाम की दूसरी मंजिल पर पटाखों का स्टॉक रखा हुआ था।
दूसरी मंजिल पर रखा था पटाखों का स्टॉक, धमाकों से गिरी दीवार
पुलिस के मुताबिक, इमारत की दूसरी मंजिल पर किचन के साथ एक कमरा बना हुआ था। इसी कमरे में पटाखे रखे गए थे। आग लगने के बाद साहिल सब्बरवाल भी गोदाम में पहुंचा था। बताया जा रहा है कि आग और धमाकों के बीच वह अंदर ही एक तरफ खड़ा हो गया।
इसी दौरान अचानक दीवार गिर गई और साहिल उसके नीचे दब गया। मलबे में दबने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय साहिल सब्बरवाल के रूप में हुई है।
रिहायशी इलाके में पटाखे रखने के आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रिहायशी इलाके में अवैध रूप से पटाखों का स्टॉक रखा गया था। गोदाम में आग लगने के बाद हुए धमाकों ने आसपास के लोगों में दहशत पैदा कर दी।
यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'
फिलहाल पटाखों के भंडारण की वैधता और सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि गोदाम में कितनी मात्रा में पटाखे रखे गए थे और उन्हें रखने के लिए जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं।
AAP नेता गोल्डी सब्बरवाल ने बताया शॉर्ट सर्किट से लगी आग
हादसे के बाद AAP नेता गोल्डी सब्बरवाल ने रोते हुए बताया कि पिछले साल के पटाखे बचे हुए थे, जिन्हें गोदाम में रखा गया था। उनके मुताबिक, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
कपड़ों के कारोबार के साथ सीजन में पटाखे भी बेचते हैं गोल्डी
गोल्डी सब्बरवाल समाजसेवी होने के साथ कपड़ा कारोबारी भी हैं। फील्ड गंज इलाके में उनकी 'पुलकित फैशन' के नाम से दुकान है। इसके अलावा वह गेहूं का डिपो भी चलाते हैं। गोल्डी सब्बरवाल पंजाब सरकार के फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग के तहत जिला प्रशासन लुधियाना की एडवाइजरी कमेटी के सदस्य भी हैं।
उन्होंने 20 जुलाई 2024 को आम आदमी पार्टी जॉइन की थी। इससे पहले वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े हुए थे।बताया जाता है कि पुलकित फैशन में उनके चाचा के दोनों बेटे गौरव और साहिल काम करते थे। कपड़ों के कारोबार के साथ गोल्डी सीजन के दौरान पटाखे भी बेचते थे।
बेटे की मौत की खबर सुनकर मौके पर पहुंचे पिता
हादसे की सूचना मिलते ही साहिल के पिता भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह घुमार मंडी में काम करते हैं। जैसे ही उन्हें आग लगने की जानकारी मिली, वह तुरंत मौके पर पहुंचे।
वहां पहुंचने पर उन्हें बेटे के साथ हुए हादसे के बारे में पता चला। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पटाखों के स्टॉक और आग लगने के कारणों की जांच जारी
लुधियाना पुलिस अब हादसे के हर पहलू की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। इसके साथ ही रिहायशी इलाके में पटाखों के भंडारण, लाइसेंस और सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जाएगी।
इस हादसे ने रिहायशी इलाकों में पटाखों के सुरक्षित भंडारण और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।