Tuesday, 17 November 2026
पंजाब
Punjab News: बस स्टैंड में देर रात आग से मचा हड़कंप, टायरों का गोदाम जला; 8 दमकल गाड़ियां पहुंचीं
डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना बस स्टैंड स्थित सरकारी बसों की रिपेयर वर्कशॉप में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग वर्कशॉप के अंदर बने टायरों के बड़े गोदाम में लगी, जहां भारी मात्रा में टायर रखे हुए थे। रबर के टायरों ने तेजी से आग पकड़ ली, जिससे कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 8 गाड़ियों को लगाया गया। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
टायरों के गोदाम में लगी आग, दूर तक उठीं लपटें
मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड अधिकारी के मुताबिक, आग सोमवार देर रात लगी थी। वर्कशॉप में बड़ी संख्या में सरकारी बसों के टायर रखे हुए थे। रबर होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी और दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार करीब 2 घंटे तक ऑपरेशन चलाकर आग को फैलने से रोका और उस पर काबू पाया।
बस स्टैंड परिसर में पेट्रोल पंप, टला बड़ा हादसा
इस घटना के दौरान सबसे बड़ी राहत यह रही कि बस स्टैंड परिसर में मौजूद सरकारी पेट्रोल पंप आग की चपेट में आने से बच गया। आग पेट्रोल पंप से दूरी पर लगी थी, जिस कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
अगर आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।
सरकारी संपत्ति के नुकसान का होगा आकलन
बताया जा रहा है कि यह बस स्टैंड की मुख्य रिपेयर वर्कशॉप है, जहां सरकारी बसों की मरम्मत का काम किया जाता है। आग लगने से वर्कशॉप में रखे टायरों और अन्य सरकारी सामान को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका अभी आकलन नहीं हो पाया है।
विभागीय जांच के बाद नुकसान की पूरी रिपोर्ट सामने आएगी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग आग लगने के कारणों और आर्थिक नुकसान की जांच कर रहा है।