Tuesday, 03 November 2026
पंजाब
Punjab News: गुरुद्वारे पर गोलियां चलाने वाले आरोपी की पुलिस हिरासत में मौत, सीने में दर्द के बाद अस्पताल ले गई पुलिस
डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना में गुरुद्वारा मंजी साहिब पर फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार शूटर राज सिंह उर्फ राजू की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई। पुलिस ने उसे कुछ दिन पहले फिरोजपुर से गिरफ्तार किया था। सोमवार देर रात पूछताछ के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।
सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत के बाद पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राजू की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। राजू मूल रूप से फिरोजपुर के गांव नूरपुर माछीवाड़ा का रहने वाला था।
SHO ने क्या बताया
1. रिमांड पर लेकर की जा रही थी पूछताछ: थाना सुधार के SHO रविंदरपाल सिंह के मुताबिक, पुलिस ने राजू को रविवार को गिरफ्तार किया था। सोमवार को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे रिमांड पर लिया गया और पूछताछ की जा रही थी।
2. पूछताछ के दौरान बिगड़ी तबीयत: SHO ने बताया कि राजू की तबीयत पहले से ठीक नहीं थी। पूछताछ के दौरान उसे घबराहट होने लगी और ब्लड प्रेशर कम होने की शिकायत हुई। पुलिस उसे पहले सुधार के सिविल अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल लेकर गई।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
3. ग्लोबल हार्ट अस्पताल में हुई मौत: हालत गंभीर होने पर राजू को लुधियाना के ग्लोबल हार्ट अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि उसे शुगर की बीमारी भी थी। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा।
28 अक्टूबर को गुरुद्वारा मंजी साहिब में हुई थी फायरिंग
यह मामला 28 अक्टूबर की तड़के करीब 3:15 बजे का है। लुधियाना के सुधार इलाके के गांव राजोआणा कलां स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा मंजी साहिब में मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने मुख्य सेवादार संत बाबा बलदेव सिंह के रिहायशी कमरे पर गोलियां चलाई थीं।
फायरिंग के दौरान एक गोली शीशे और लकड़ी के दरवाजे को पार करते हुए दीवार में जा धंसी थी। उस समय बाबा बलदेव सिंह बाथरूम में नहा रहे थे, जिसके चलते उनकी जान बच गई। गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी के मुताबिक, वारदात से पहले दोनों युवक माथा टेकने आने की बात कहकर वहां पहुंचे थे।
विदेशी नंबर से मिली थी जान से मारने की धमकी
पुलिस जांच में विदेशी इंटरनेट नंबर के जरिए जान से मारने की धमकियां देने और कथित तौर पर फिरौती मांगने का मामला भी सामने आया था। पुलिस के अनुसार, मांग पूरी नहीं होने पर बाबा बलदेव सिंह की गतिविधियों पर नजर रखी गई और कथित तौर पर फायरिंग की साजिश रची गई।
200 किलोमीटर तक खंगाले CCTV कैमरे
पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए करीब 200 किलोमीटर के रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली थी। इसके अलावा साइबर जांच और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने फिरोजपुर में दबिश देकर राज सिंह उर्फ राजू को गिरफ्तार किया था।
इस मामले में गुरदासपुर के दो अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई थी। अब मुख्य आरोपी की पुलिस कस्टडी में मौत के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।