Thursday, 20 August 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब के चर्चित होटल में रेड से हड़कंप, कई कमरे और सैलून सील; जाने पूरा मामला
डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना (Ludhiana) के भाई वाला चौक स्थित फाइव स्टार होटल पार्क प्लाजा में बैंक की टीमों ने पुलिस बल के साथ रेड की है। सूत्रों के मुताबिक, बैंक अधिकारियों की टीम होटल के अंदर कार्रवाई कर रही है और एक सैलून के साथ कुछ कमरों को सील किया जा रहा है।
बैंक और पुलिस के आला अधिकारी भी होटल के अंदर मौजूद बताए जा रहे हैं। होटल के मुख्य गेट पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। हालांकि, अभी तक बैंक या पुलिस प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है।
सुबह होटल पहुंची बैंक की टीमें
जानकारी के अनुसार, बैंक की टीमें बुधवार सुबह पुलिस बल के साथ पार्क प्लाजा होटल पहुंचीं। अधिकारी कई घंटों से होटल के अंदर मौजूद हैं और होटल प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान होटल के कुछ हिस्सों को सील करने की प्रक्रिया चल रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किस बैंक की टीम होटल में पहुंची है और किस मामले को लेकर यह कार्रवाई की जा रही है। अधिकारी भी इस संबंध में कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं कर रहे हैं।
होटल का संचालन सामान्य
रेड और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद होटल का सामान्य कामकाज जारी रहने की बात सामने आई है। होटल में गेस्ट्स की आवाजाही और अन्य सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।
पूर्व विधायक जस्सी खंगूड़ा से जुड़ा है होटल
पार्क प्लाजा होटल कांग्रेस के पूर्व विधायक जस्सी खंगूड़ा से जुड़ा बताया जाता है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद खंगूड़ा कांग्रेस छोड़कर AAP में शामिल हुए थे। बाद में उन्होंने AAP छोड़कर दोबारा कांग्रेस का दामन थाम लिया।
फिलहाल वह मालेरकोटला जिले की अमरगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। AAP में रहने के दौरान उन्हें दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबियों में भी गिना जाता था।
कई बड़े नाम होटल में ठहर चुके
पार्क प्लाजा होटल लुधियाना के प्रमुख होटलों में शामिल रहा है। जानकारी के मुताबिक, यहां पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, अरविंद केजरीवाल, पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल समेत कई राजनीतिक हस्तियां ठहर चुकी हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ और अभिनेता अक्षय कुमार के भी यहां ठहरने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल बैंक और पुलिस की कार्रवाई जारी है। किस बैंक ने रेड की और किस मामले में यह कार्रवाई की जा रही है, इसका आधिकारिक खुलासा अभी नहीं हुआ है। अधिकारियों की ओर से जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।