Saturday, 07 November 2026
पंजाब
Punjab News: PR दिलाने के नाम पर शादी, 45 लाख खर्च करवाने का आरोप; कनाडाई पत्नी ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: कनाडा जाकर अपना करियर बनाने का सपना लुधियाना के एक टीचर को महंगा पड़ गया। आरोप है कि कनाडा की परमानेंट रेजिडेंट (PR) लड़की से शादी करने के बाद उसे कनाडा बुलाने का भरोसा देकर करीब 45 लाख रुपये खर्च करवाए गए। लेकिन शादी के बाद पत्नी ने उसे कनाडा बुलाने से इनकार कर दिया और स्पॉन्सरशिप फाइल लगाने के लिए 10 लाख रुपये और मांग लिए।
मामला जगराओं का है। पीड़ित कुलजीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद उसकी पत्नी हरदीप कौर लखनपाल, ससुर बलवीर सिंह और सास परमजीत कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, जांच में शिकायतकर्ता ने पैसों के लेन-देन और शादी से जुड़े दस्तावेजी सबूत पेश किए थे।
कनाडा जाने के लिए तलाश रहा था PR लड़की
जानकारी के अनुसार, गांव रूमी निवासी कुलजीत सिंह MA-B.Ed पास है और एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक के तौर पर काम करता था। वह कनाडा जाकर अपना भविष्य बनाना चाहता था। कई कोशिशों के बावजूद जब उसे सफलता नहीं मिली तो किसी ने उसे कनाडा में रहने वाली PR लड़की से शादी करने की सलाह दी।
इसके बाद कुलजीत के परिवार ने पंजाबी अखबार में प्रकाशित शादी का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में कनाडा में रहने वाली हरदीप कौर के लिए योग्य लड़के की तलाश की जा रही थी। इसके बाद कुलजीत के पिता ने लड़की के पिता बलवीर सिंह से संपर्क किया।
शादी से पहले रखी 20 लाख रुपये नकद देने की शर्त
कुलजीत के मुताबिक, 3 अगस्त 2025 को जगराओं के फाइव रिवर होटल में दोनों परिवारों की बैठक हुई। इस दौरान लड़की के परिवार ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी को कनाडा में सेटल करने पर करीब 40 से 45 लाख रुपये खर्च किए हैं।
आरोप है कि लड़की के परिवार ने शादी का पूरा खर्च लड़के वालों से करवाने और 20 लाख रुपये नकद देने की शर्त रखी। बदले में हरदीप कौर द्वारा कुलजीत को कनाडा बुलाने और उसकी PR करवाने का भरोसा दिया गया। कुलजीत के परिवार ने इस प्रस्ताव पर सहमति जता दी।
सगाई और शादी में दिए 20 लाख रुपये नकद
शिकायत के मुताबिक, 3 दिसंबर 2025 को सगाई के दौरान कुलजीत के पिता ने लड़की के परिवार को 10 लाख रुपये नकद दिए। इसके अलावा सगाई समारोह पर करीब 2.40 लाख रुपये खर्च किए गए।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
इसके बाद 13 दिसंबर 2025 को सिख रीति-रिवाजों के अनुसार दोनों की शादी हुई। इस दौरान तय समझौते के मुताबिक बाकी 10 लाख रुपये भी नकद दिए गए। शादी, पैलेस, कैटरिंग और गहनों पर करीब 10 लाख रुपये अतिरिक्त खर्च किए गए।
शॉपिंग, टिकट और कनाडा जाते समय दिए 5000 डॉलर
कुलजीत ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद पत्नी हरदीप कौर की जरूरतों के अनुसार घर का सामान, बेडशीट और अन्य चीजें खरीदी गईं। उसकी निजी शॉपिंग पर करीब 2.50 लाख रुपये खर्च किए गए।
आरोप है कि 26 फरवरी 2026 को जब हरदीप कौर कनाडा वापस जा रही थी तो उसकी फ्लाइट टिकट के अलावा 5,000 कनाडाई डॉलर नकद भी दिए गए। जाते समय वह अपने साथ परिवार की ओर से पहनाई गई सोने की अंगूठी और एक सोने का सेट भी ले गई।
कनाडा पहुंचते ही मांगे 10 लाख रुपये और
कुलजीत के अनुसार, कनाडा पहुंचने के बाद पत्नी ने उसे स्पॉन्सर करने और फाइल लगाने के लिए 10 लाख रुपये और मांगे। पहले ही लाखों रुपये खर्च होने की बात कहकर जब उसने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो पत्नी ने उसे कनाडा बुलाने से इनकार कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद पत्नी उसे तलाक देकर दूसरी शादी करने की धमकी देने लगी। काफी इंतजार के बाद कुलजीत ने एसएसपी जगराओं के पास शिकायत दर्ज करवाई।
पत्नी ने पति पर लगाए थार मांगने और अननेचुरल सेक्स के आरोप
पति की शिकायत के बाद हरदीप कौर ने विदेश से ईमेल भेजकर अपना पक्ष रखा। उसने पति और उसके परिवार पर दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया।
हरदीप कौर का दावा था कि उसके परिवार ने शादी पर करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे। उसने आरोप लगाया कि ससुराल वाले कम दहेज के ताने देते थे और कनाडा की फाइल लगाने का दबाव बनाते थे।
इसके अलावा उसने पति पर नई थार गाड़ी मांगने और उसकी मर्जी के बिना जबरन अप्राकृतिक शारीरिक संबंध बनाने के आरोप भी लगाए। उसका कहना था कि कनाडा में कमरे के किराये के लिए पति ने मदद नहीं की, जिसके बाद उसके पिता ने उसे 3,000 डॉलर भेजे।
पुलिस जांच में दोनों पक्षों के बयानों और दस्तावेजों की जांच
डीएसपी स्पेशल क्राइम कुलवंत सिंह की जांच के दौरान कुलजीत सिंह ने शादी के खर्च, बैंक खातों के लेन-देन, शॉपिंग के बिल और अखबार में प्रकाशित शादी के विज्ञापन से जुड़े दस्तावेज पेश किए।
वहीं, जांच के दौरान लड़की पक्ष की ओर से पति पर लगाए गए आरोपों के समर्थन में पुलिस को कोई गवाह, मेडिकल रिपोर्ट या अन्य दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध नहीं करवाए गए।
ससुर बलवीर सिंह ने बैंक स्टेटमेंट पेश कर बताया कि शादी के खर्च के लिए उनके खाते से करीब 17 लाख रुपये निकाले गए थे। उन्होंने यह भी माना कि पैलेस और शादी के अन्य इंतजाम लड़के वालों ने किए थे। वहीं, सास परमजीत कौर ने जांच अधिकारी के सामने अपना पक्ष रखने से इनकार करते हुए अदालत में बात रखने की बात कही।
पत्नी और माता-पिता के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज
पुलिस जांच अधिकारी और डीडीए लीगल की राय के बाद शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
जगराओं सदर पुलिस ने हरदीप कौर लखनपाल, उसके पिता बलवीर सिंह और मां परमजीत कौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच एएसआई सुखदेव सिंह को सौंपी गई है। इस घटना ने एक बार फिर विदेश में PR दिलाने के नाम पर होने वाली कथित शादी संबंधी ठगी के मामलों को चर्चा में ला दिया है।