ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 17 August 2026

Punjab News: पंजाब में ट्रांसपोर्ट दफ्तर को चोर ने बनाया निशाना, तिजोरी तोड़कर सवा लाख रुपये उड़ाए

Punjab News: पंजाब में ट्रांसपोर्ट दफ्तर को चोर ने बनाया निशाना, तिजोरी तोड़कर सवा लाख रुपये उड़ाए

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: लुधियाना (Ludhiana) में घोड़ा कॉलोनी के पास अमन सतकार लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट के दफ्तर में चोरी का मामला सामने आया है। चोर पड़ोसियों की दीवार फांदकर हथौड़ा लेकर दफ्तर में दाखिल हुआ और करीब एक घंटे तक अंदर रहा।

आरोपी ने दफ्तर में लगे तीन CCTV कैमरों की दिशा बदलकर उन्हें बंद कर दिया, लेकिन AC के पीछे लगा हिडन कैमरा उसकी नजर से बच गया। इसी कैमरे में चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई।

दीवार फांदकर दफ्तर में दाखिल हुआ चोर

ट्रांसपोर्ट मालिक अमन के मुताबिक, वह रोजाना की तरह रात में दफ्तर बंद करके घर चले गए थे। सावन का महीना होने के कारण सोमवार सुबह करीब 6 बजे वह दफ्तर में लंगर लगाने के लिए पहुंचे।

अंदर जाने पर सामान बिखरा हुआ था और सभी लॉकरों के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि लॉकरों में रखी फाइलों को भी खंगाला गया था। इसके बाद तिजोरी की जांच की गई तो उसमें रखे करीब 1.25 लाख रुपये गायब मिले।

हथौड़े से तोड़ा तिजोरी का ताला

CCTV फुटेज देखने पर पता चला कि चोर पड़ोसियों की दीवार फांदकर दफ्तर में दाखिल हुआ था। उसके हाथ में हथौड़ा था। आरोपी करीब एक घंटे तक दफ्तर में रहा।

इस दौरान उसने एक-एक करके दफ्तर के दरवाजों के ताले तोड़े और फाइलों को खंगाला। इसके बाद हथौड़े की मदद से तिजोरी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली।

तीन CCTV कैमरों को किया बंद, हिडन कैमरा नहीं दिखा

चोर ने दफ्तर में लगे तीन CCTV कैमरों की दिशा बदल दी, ताकि उसकी गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड न हो सकें। हालांकि, AC के पीछे लगाया गया हिडन कैमरा उसकी नजर में नहीं आया।

इस कैमरे में चोर के दफ्तर में दाखिल होने से लेकर चोरी करने और वहां से निकलने तक की करीब एक घंटे की गतिविधियां कैद हो गई हैं। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

पहले भी ड्राइवरों के मोबाइल हो चुके चोरी

ट्रांसपोर्ट मालिक अमन ने बताया कि दफ्तर में चोरी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी उनके ड्राइवरों के कई मोबाइल फोन दफ्तर के बाहर से चोरी हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि रात के समय ट्रांसपोर्ट इलाके में आपराधिक प्रवृत्ति के लोग घूमते रहते हैं, जिससे कारोबारियों और कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मोती नगर पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना मोती नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हिडन कैमरे में कैद फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए आसपास के इलाकों में भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।