ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 11 November 2026

Punjab News: पंजाब में पति-पत्नी का हाईवोल्टेज ड्रामा, पत्नी ने पति को गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ा, जमकर हुई हाथापाई

Punjab News: पंजाब में पति-पत्नी का हाईवोल्टेज ड्रामा, पत्नी ने पति को गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ा, जमकर हुई हाथापाई

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के लुधियाना में पति-पत्नी के विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति को कथित प्रेमिका के साथ पकड़ लिया। इसके बाद दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। गुस्साई पत्नी ने पति की चप्पलों से पिटाई कर दी और उसका गिरेबान पकड़कर बाहर ले आई। इस दौरान कथित प्रेमिका भी मौके पर मौजूद रही। महिला का आरोप है कि इसके बाद पति ने भी उसके साथ मारपीट की।

मामले में पीड़ित पत्नी सिमरन ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत देकर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि पति का पिछले पांच साल से उसकी सगी भाभी के साथ प्रेम संबंध चल रहा है। इतना ही नहीं, पति की कथित प्रेमिका अस्पताल में भी उसके साथ पहुंची, जहां पति ने उसे धमकाया।

16 साल पहले हुई थी शादी, दो बेटियों की मां है महिला

लुधियाना के शहीद भगत सिंह नगर की रहने वाली सिमरन ने बताया कि उसकी शादी को करीब 16 साल हो चुके हैं। उसकी दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 8 और 5 साल है। सिमरन मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और पिछले 30 से 35 वर्षों से लुधियाना में रह रही है।

महिला के मुताबिक, उसका पति बिजली का काम करता है, जबकि जिस महिला के साथ पति के संबंध होने का आरोप है, वह उसकी सगी भाभी है और बुटीक का काम करती है।

पति पर 5 साल से भाभी के साथ प्रेम संबंध का आरोप

सिमरन का आरोप है कि उसके पति का पिछले पांच साल से उसकी सगी भाभी के साथ प्रेम संबंध चल रहा है। इस मामले को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। महिला के अनुसार, उसकी भाभी अपने पति यानी सिमरन के भाई को छोड़ चुकी है और इस मामले में थाने में समझौता भी हो चुका है।

महिला का आरोप है कि पति ने धीरे-धीरे घर का खर्च देना भी बंद कर दिया। वह अपनी कथित प्रेमिका के कहने पर अक्सर उसके साथ मारपीट करता है।

मारपीट में पहले भी घायल हो चुकी है पत्नी और बेटी

सिमरन ने आरोप लगाया कि पति पहले भी कई बार उसके साथ मारपीट कर चुका है। एक बार मारपीट के दौरान उसकी आंख की हड्डी तक टूट गई थी। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने आई उसकी छोटी बेटी के दांत भी टूट गए थे।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

महिला के मुताबिक, कई बार पड़ोसियों और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। उसका आरोप है कि पिछले पांच वर्षों से उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।

दो दिन से भाभी के मायके में रह रहा था पति

सिमरन ने बताया कि उसका पति पिछले दो दिनों से शहीद भगत सिंह नगर में अपनी कथित प्रेमिका के मायके में रह रहा था। शाम करीब 6 बजे जब वह वहां पहुंची तो उसने दोनों को एक साथ देख लिया।

महिला के मुताबिक, उसने पति से इस बारे में सवाल किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पति ने गुस्से में आकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वह घायल हालत में शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंची।

मेडिकल करवाने अस्पताल पहुंची पत्नी, वहां भी हुआ विवाद

मारपीट की शिकायत लेकर सिमरन दुगरी इलाके की पुलिस चौकी पहुंची। वहां पुलिस ने उसे सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाने के लिए कहा।

महिला का आरोप है कि जब वह मेडिकल करवाने सिविल अस्पताल पहुंची तो उसका पति भी अपनी कथित प्रेमिका के साथ वहां आ गया। दोनों पक्षों का अस्पताल में आमना-सामना हुआ। सिमरन का आरोप है कि पति ने वहां भी उसे धमकाया।

पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत, कार्रवाई की मांग

पीड़ित महिला ने पुलिस के आला अधिकारियों और पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत देकर अपने पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उसने आरोप लगाया कि पति उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान कर रहा है।

महिला ने पुलिस से घरेलू हिंसा और मारपीट के आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई का इंतजार है।