ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 06 November 2026

Punjab News: गोदाम में धमाके से मची अफरा-तफरी, टैंकर ब्लास्ट में मालिक की मौत; मजदूर अस्पताल में भर्ती

Punjab News: गोदाम में धमाके से मची अफरा-तफरी, टैंकर ब्लास्ट में मालिक की मौत; मजदूर अस्पताल में भर्ती

डेली संवाद, फतेहगढ़ साहिब। Punjab News: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब की औद्योगिक नगरी मंडी गोबिंदगढ़ में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। अमलोह रोड स्थित भल्ला इंजीनियर्स के स्क्रैप गोदाम में पुराने तारकोल (लुक) से भरे टैंकर को गैस कटर से काटते समय जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में गोदाम मालिक दलजीत कुमार भल्ला उर्फ डीके भल्ला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला समेत चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।

धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज आसपास के इलाकों तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद गोदाम में आग फैल गई और वहां काम कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

टैंकर काटते समय हुआ जोरदार विस्फोट

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्क्रैप गोदाम में खरीदे गए एक पुराने टैंकर को काटने का काम चल रहा था। टैंकर में पुराने तारकोल (लुक) के अवशेष मौजूद थे। आशंका जताई जा रही है कि टैंकर के अंदर जमा गैस के कारण गैस कटर से चिंगारी लगते ही जोरदार धमाका हो गया।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

बताया जा रहा है कि गोदाम मालिक डीके भल्ला टैंकर काटने के काम की वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान वह विस्फोट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पास में काम कर रहे मजदूर गर्म तारकोल और आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।

महिला समेत 4 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे

हादसे में घायल मजदूरों की पहचान बरजेश (32), दशरथ यादव पुत्र जोगिंदर यादव, पूनम देवी पत्नी दशरथ यादव और इंदर कुमार पुत्र रामरसीले के रूप में हुई है।

सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल मंडी गोबिंदगढ़ पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ और पटियाला रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि बरजेश की हालत नाजुक बनी हुई है।

सिविल अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार, हादसे के बाद कुल पांच लोग अस्पताल पहुंचे थे, जिनमें से एक की मौत हो चुकी थी। एक गंभीर घायल को चंडीगढ़ रेफर किया गया, जबकि महिला समेत तीन मजदूरों को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल भेजा गया।

दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू, फायर NOC नहीं होने की बात आई सामने

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे के बाद औद्योगिक इकाइयों और स्क्रैप गोदामों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

दमकल विभाग के कर्मचारियों के मुताबिक, संबंधित स्क्रैप गोदाम के पास फायर NOC नहीं थी। विभाग की ओर से इस मामले की जांच की जाएगी और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल टैंकर में विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जरूरत है। यह हादसा औद्योगिक क्षेत्रों में पुराने टैंकरों और ज्वलनशील पदार्थों को काटने से पहले सुरक्षा जांच और जरूरी सावधानियों की अहमियत को भी उजागर करता है।