Friday, 30 October 2026
पंजाब
Punjab News: नशा मुक्त पंजाब के बीच ASI नशा करते पकड़ा, जेब से पुड़िया भी मिली; डोप टेस्ट रिपोर्ट ने बढ़ाई मुश्किलें
डेली संवाद, मानसा। Punjab News: पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई के बीच मानसा जिले के बुढलाडा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस विभाग को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। यहां लोगों ने पंजाब पुलिस के एक ASI को कथित तौर पर चिट्टा (हेरोइन) का सेवन करते हुए पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने उसे बीच बाजार घेर लिया और जमकर हंगामा किया।
पकड़े गए पुलिसकर्मी की पहचान ASI सहजप्रीत (50) के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद लोगों ने दावा किया कि ASI की जेब से नशे की पुड़िया भी मिली है। हालांकि, ASI ने लोगों के सामने नशा करने से इनकार करते हुए कहा कि वह ट्रेनिंग के लिए आया हुआ है और उसने कोई नशा नहीं किया।
बीच बाजार लोगों ने ASI को घेरा, नशा करने का लगाया आरोप
मामले की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों के विरोध और धरना-प्रदर्शन के बाद ASI का डोप टेस्ट करवाया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद थाना बुढलाडा में उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, बुढलाडा में सुबह करीब 11 बजे लोगों ने ASI सहजप्रीत को कथित तौर पर चिट्टा पीते हुए पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने पुलिसकर्मी को बीच बाजार घेर लिया। इस दौरान ASI ने सफाई देते हुए कहा कि वह ट्रेनिंग पर आया हुआ है और उसने कोई नशा नहीं किया। लेकिन लोगों ने उसकी बात नहीं मानी। उनका दावा था कि पुलिसकर्मी की जेब से नशे की पुड़िया भी बरामद हुई है। लोगों ने उसे बीच सड़क पर बैठा दिया और स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी।
नशा मुक्त पंजाब के दावों पर लोगों ने उठाए सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। लोगों ने सवाल उठाया कि जब पुलिस विभाग के कर्मचारी ही नशे के आरोपों में घिरेंगे तो पंजाब को नशामुक्त बनाने का अभियान कैसे सफल होगा।
इसके विरोध में लोगों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने ASI के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
डोप टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव, ASI के खिलाफ केस दर्ज
लोगों के विरोध के बाद बुढलाडा पुलिस ने ASI सहजप्रीत का डोप टेस्ट करवाया। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ थाना बुढलाडा में मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने आरोपी ASI के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले को लेकर विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
जहान खेलां में चल रही थी ट्रेनिंग, बुढलाडा में लगी थी ड्यूटी: SP
इस मामले में SP नरेंद्र सिंह ने बताया कि ASI सहजप्रीत जहान खेलां में ट्रेनिंग कर रहा था। उसकी ड्यूटी बुढलाडा में लगाई गई थी। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उसे कथित तौर पर नशा करते हुए पकड़ लिया। SP के मुताबिक, ASI का डोप टेस्ट करवाया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इसके बाद थाना बुढलाडा में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान और पुलिस कर्मचारियों की जवाबदेही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।