Wednesday, 23 September 2026
पंजाब
Punjab News: नशामुक्त पंजाब यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, ट्रक से टकराई BJP नेताओं की कार; एक की मौत
डेली संवाद, मानसा। Punjab News: पंजाब के मानसा (Mansa) जिले में भाजपा की ओर से निकाली जा रही नशामुक्त पंजाब यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव कोट धर्मू के पास ट्रक और स्विफ्ट कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद भाजपा ने अपनी यात्रा को बीच में ही रोक दिया। जानकारी के अनुसार, भाजपा की नशामुक्त पंजाब यात्रा के तहत झुनीर कस्बे में रैली आयोजित की गई थी। रैली के बाद भाजपा कार्यकर्ता मानसा लौट रहे थे। इसी दौरान गांव कोट धर्मू के पास उनकी स्विफ्ट कार की एक ट्रक से टक्कर हो गई।
हादसे में अरशदीप सिंह की मौत
कार में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विनोद काली समेत कुल 6 कार्यकर्ता सवार बताए जा रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता एच.एस. फूलका के अनुसार, हादसे में अरशदीप सिंह नामक युवक की मौत हो गई। वहीं भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद काली की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसी लुधियाना रेफर किया गया है। हादसे में घायल अन्य लोगों को उपचार के लिए बठिंडा स्थित एम्स अस्पताल भेजा गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
BJP नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
हादसे के बाद भाजपा नेता मानसा के सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पार्टी नेताओं ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि यह पीड़ित परिवार के लिए बड़ी क्षति है और भाजपा इस मुश्किल घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।
नशामुक्त पंजाब यात्रा के दौरान हुए इस हादसे के कारण भाजपा ने अपनी यात्रा को फिलहाल रोक दिया। हादसे को लेकर पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।