ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 17 November 2026

Punjab News: बॉयफ्रेंड से विवाद के बाद युवती ने उठाया खौफनाक कदम; कमरे में मिला शव; VIDEO में लगाए गंभीर आरोप

Punjab News: बॉयफ्रेंड से विवाद के बाद युवती ने उठाया खौफनाक कदम; कमरे में मिला शव; VIDEO में लगाए गंभीर आरोप

डेली संवाद, मोहाली। Punjab News: पंजाब के मोहाली में 19 वर्षीय युवती की आत्महत्या का मामला सामने आया है। युवती ने कथित तौर पर बॉयफ्रेंड के शादी से इनकार करने के बाद यह कदम उठाया। मौत से पहले युवती ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए बॉयफ्रेंड और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया है। इतना ही नहीं, उसने कमरे में बेड पर रखे हिसाब-किताब के रजिस्टर पर लाल अक्षरों में लिखा था- 'मेरे फोन में वीडियो देखो'।

युवती की बहन ने जब रजिस्टर पर लिखा संदेश पढ़कर उसका मोबाइल फोन चेक किया तो उसमें मौत से पहले रिकॉर्ड किया गया वीडियो मिला। मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर चंडीगढ़ निवासी युवक, उसके पिता और मां के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया है।

10 महीने पहले काम के लिए मोहाली आई थी युवती

पुलिस ने युवक के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान कोमल कौर (19) के रूप में हुई है। उसके पिता जग्गा सिंह के मुताबिक, उनका परिवार मूल रूप से मानसा जिले के गांव बुर्ज भलाईके का रहने वाला है। परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं।

कोमल की बड़ी बहन काजल कौर पहले से मोहाली में काम करती थी। करीब 10 महीने पहले कोमल भी रोजगार के सिलसिले में मोहाली आ गई थी। वह सीपी-67 मॉल स्थित मैरिका कंपनी में काम कर रही थी। दोनों बहनें पिछले 3-4 महीनों से मोहाली के फेज-9 में किराए के मकान में रह रही थीं।

चंडीगढ़ के युवक से शादी करना चाहती थी कोमल

पिता जग्गा सिंह ने पुलिस को बताया कि कोमल ने उन्हें कुछ समय पहले बताया था कि उसकी बातचीत चंडीगढ़ के सेक्टर-37सी में रहने वाले तुषार नाम के युवक से चल रही है। दोनों की मुलाकात कंपनी में काम करने के दौरान हुई थी और वे शादी करना चाहते थे।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

परिजनों के मुताबिक, 14 जून 2026 को कोमल तुषार के घर चंडीगढ़ भी गई थी। उस समय तुषार के माता-पिता ने दोनों की शादी के लिए सहमति जताई थी। हालांकि, बाद में वे अपने फैसले से पीछे हट गए।

13 नवंबर को शादी से इनकार करने की बात सामने आई

शिकायत के मुताबिक, 13 नवंबर को कोमल ने अपनी बहन काजल को बताया था कि तुषार, उसके पिता संतोष कुमार और मां रंजना उसे मोहाली वॉक मॉल में मिले थे।

इस मुलाकात के दौरान तीनों ने तुषार की शादी कोमल से करवाने से इनकार कर दिया। पिता का आरोप है कि शादी से इनकार किए जाने के बाद कोमल काफी परेशान रहने लगी थी।

कमरे में फंदे से लटका मिला युवती का शव

परिजनों के अनुसार, 14 नवंबर 2026 की रात कोमल कमरे में अकेली थी। इसी दौरान उसने छत के पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

कुछ समय बाद जब बड़ी बहन काजल कमरे में पहुंची तो कोमल का शव पंखे से लटका हुआ था। काजल ने चुन्नी काटकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और मामले की शिकायत दर्ज करवाई।

रजिस्टर पर लिखा था- मेरे फोन में वीडियो देखो

इस मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई कि कोमल ने मरने से पहले अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। उसकी बहन काजल के मुताबिक, कमरे में बेड पर रखे हिसाब-किताब के रजिस्टर पर लाल अक्षरों में लिखा मिला था- 'मेरे फोन में वीडियो देखो'।

इसके बाद काजल ने कोमल के फिंगरप्रिंट की मदद से मोबाइल फोन खोला और वीडियो देखा। वीडियो में कोमल ने तुषार और उसके परिवार पर शादी से मुकरने का आरोप लगाया और अपनी मौत के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया।

वीडियो में कोमल ने लगाए ये आरोप

परिजनों के मुताबिक, वीडियो में कोमल ने बताया कि तुषार और उसके परिवार को उनके रिश्ते के बारे में करीब 8 महीने से जानकारी थी। वह तुषार के घर भी जाती थी और दोनों शादी करना चाहते थे। कोमल ने वीडियो में बताया कि आखिरी बार उसकी मुलाकात मोहाली वॉक मॉल में तुषार के पिता से हुई थी।

उस समय उन्होंने सोचकर बताने की बात कही थी। बाद में तुषार के पिता ने उसकी बहन को फोन कर शादी से इनकार कर दिया। कथित तौर पर उन्होंने कहा कि लड़की का व्यवहार सही नहीं है। वीडियो में कोमल ने अपनी मौत के लिए तुषार और उसके परिवार को जिम्मेदार बताया। साथ ही अपने परिवार से माफी मांगते हुए न्याय की गुहार लगाई।

बॉयफ्रेंड, पिता और मां के खिलाफ केस दर्ज

मृतका के पिता जग्गा सिंह ने बड़ी बेटी काजल के साथ थाना फेज-8 में पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चंडीगढ़ निवासी तुषार, उसके पिता संतोष कुमार और मां रंजना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

थाना फेज-8 के SHO बलजिंदर सिंह के मुताबिक, पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी मुख्य आरोपी तुषार का पिता बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।