ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 07 November 2026

Punjab News: AAP पार्षद के पति से लॉरेंस गैंग ने मांगी 2 करोड़ की रंगदारी, गैंगस्टर ने दी जान से मारने की धमकी

Punjab News: AAP पार्षद के पति से लॉरेंस गैंग ने मांगी 2 करोड़ की रंगदारी, गैंगस्टर ने दी जान से मारने की धमकी

डेली संवाद, मोहाली। Punjab News:पंजाब के मोहाली में आम आदमी पार्टी (AAP) की मौजूदा महिला पार्षद के पति से 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस से शिकायत कर परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा आरजू बताया और 2 करोड़ रुपये तैयार रखने को कहा। इस मामले में बलौंगी थाना पुलिस ने आरजू समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विदेशी नंबर से आई WhatsApp कॉल

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 4 अक्टूबर को वह फेज-9 स्थित हॉकी स्टेडियम में मैच देख रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल आई। उन्होंने पहली कॉल काट दी, लेकिन दोबारा कॉल आने पर भी दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे एक अन्य नंबर से कॉल आई, जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया। कुछ मिनट बाद उनके बेटे के मोबाइल पर विदेशी नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने पहले पूछा कि क्या वह AAP पार्षद का बेटा बोल रहा है। पुष्टि होने पर उसने कहा कि उसका पिता फोन काट रहा है।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

इसके बाद कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा आरजू बताते हुए 2 करोड़ रुपये तैयार रखने की धमकी दी। साथ ही रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

जमीन की देखभाल करते हैं पिता-बेटा

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हैं और उनकी पत्नी मौजूदा पार्षद हैं। वह अपनी पत्नी के राजनीतिक और अन्य कामकाज को संभालते हैं। एयरपोर्ट रोड पर गांव बलियाली क्षेत्र में उनकी करीब 11 एकड़ पुश्तैनी जमीन है, जिसकी देखभाल वह और उनका बेटा करते हैं।

पुलिस ने दर्ज किया केस

धमकी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। बलौंगी थाना पुलिस ने आरजू समेत तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है और मामले की जांच की जा रही है।

मामले की 3 बड़ी बातें:

  1. AAP की मौजूदा पार्षद के पति से कथित तौर पर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।

  2. विदेशी नंबर से कॉल कर खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा आरजू बताने वाले व्यक्ति ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

  3. बलौंगी थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।