Sunday, 15 November 2026
पंजाब
Punjab News: दोस्ती कर नाबालिग को बनाया हवस का शिकार, पीरियड नहीं आए तो हुआ प्रेग्नेंसी का खुलासा
डेली संवाद, मोहाली। Punjab News: मोहाली के न्यू चंडीगढ़ इलाके में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रोहन नाम के युवक ने पहले लड़की से दोस्ती की और फिर उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग दिनों में उसे 4 से 5 बार जंगल में ले गया। करीब तीन महीने तक पीरियड नहीं आने पर लड़की ने अपनी मां को इसकी जानकारी दी। अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान उसके गर्भवती होने का खुलासा हुआ।
रास्ते में हुई थी युवक से मुलाकात, फिर बढ़ी दोस्ती
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने बताया कि उसका परिवार न्यू चंडीगढ़ इलाके में रहता है। करीब छह महीने पहले रास्ते में घूमते समय उसकी मुलाकात रोहन नाम के युवक से हुई थी।
इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई और धीरे-धीरे दोस्ती हो गई। पीड़िता के मुताबिक, दोनों तय समय पर मिलने लगे थे। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने उसका विश्वास जीत लिया।
बाइक पर घुमाने के बहाने जंगल में ले गया आरोपी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि एक दिन आरोपी मोटरसाइकिल पर उससे मिलने आया। वह उसे घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया और जंगल में पहुंचकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
शिकायत के अनुसार, इसके बाद भी आरोपी अलग-अलग दिनों में उसे अपने साथ जंगल में ले जाता रहा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक ने उसके साथ 4 से 5 बार दुष्कर्म किया।
तीन महीने तक पीरियड नहीं आए, मेडिकल जांच में प्रेग्नेंसी का खुलासा
पीड़िता के अनुसार, करीब तीन महीने तक पीरियड नहीं आने पर वह परेशान हो गई। इसके बाद उसने अपनी मां को पूरी बात बताई। मां को शुरुआत में लगा कि शायद बेटी को कोई स्वास्थ्य संबंधी परेशानी है।
इसके बाद 12 नवंबर 2026 को मां उसे चंडीगढ़ के एक अस्पताल लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने मेडिकल जांच की तो लड़की के गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
अस्पताल ने पुलिस को दी सूचना, दर्ज किए बयान
मेडिकल जांच में प्रेग्नेंसी का पता चलने के बाद अस्पताल की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद महिला थाने की सब-इंस्पेक्टर ने डॉक्टर से पीड़िता के बयान दर्ज करने की अनुमति ली।
डॉक्टर से फिटनेस मिलने के बाद पुलिस ने मां की मौजूदगी में नाबालिग के बयान दर्ज किए। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
मुल्लांपुर थाने में BNS और POCSO एक्ट के तहत FIR
पुलिस ने 15 नवंबर 2026 को थाना मुल्लांपुर में आरोपी रोहन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(M) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपी का घर और मोबाइल नंबर भी नहीं जानती पीड़िता
मामले की जांच कर रही मुल्लांपुर थाना पुलिस की सब-इंस्पेक्टर रमनदीप कौर के अनुसार, पीड़िता की उम्र 16 साल 10 महीने है। वह फिलहाल पढ़ाई नहीं कर रही और घर पर ही रहती है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता आरोपी के घर का पता नहीं जानती और न ही उसके पास आरोपी का मोबाइल नंबर है। लड़की ने बताया कि पीरियड बंद होने के बाद से आरोपी उससे नहीं मिला।
आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी
पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।