ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Tuesday, 25 February 2025

Punjab News: उद्योगपतियों और व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल की ओर से मुख्यमंत्री को अपील, की ये मांग

Punjab News: उद्योगपतियों और व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल की ओर से मुख्यमंत्री को अपील, की ये मांग

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Bhagwant Mann) ने आज पंजाब को औद्योगिक क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए औद्योगिक विकास को और प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया। उद्योगपतियों और व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री से उनके सरकारी निवास पर मुलाकात की।

यह भी पढ़ें: कनाडा में नई मुसीबत, रद्द होंगे स्टडी और वर्क परमिट, जाने कारण

इस अवसर पर हुए विचार-विमर्श के दौरान उद्योगपतियों (Industrialist) और व्यापारियों ने भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य में औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल करने की सराहना की। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के दौरान राज्य में औद्योगिक विकास में तेजी से वृद्धि हुई है और राज्य सरकार उन्हें पूर्ण समर्थन दे रही है।

Farmer Protest

शंभू बार्डर पर यातायात ठप्प

इस मौके पर उन्होंने दुःख जताते हुए कहा कि पंजाब भौगोलिक रूप से जमीनी सीमाओं से जुड़ा राज्य है और किसान आंदोलन के कारण शंभू बार्डर पर यातायात ठप्प होने से व्यापारिक गतिविधियां बहुत प्रभावित हो रही हैं। प्रतिनिधिमंडल ने इस मार्ग से यातायात खोलने के लिए मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप की मांग की ताकि व्यापार सुचारू रूप से चल सके।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगपतियों को पेश आ रही सभी समस्याओं का समाधान करके उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब में उद्योग और व्यापार को प्रोत्साहन देने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योगों की सुविधा के लिए पहले ही कई पहल की हैं। उन्होंने कहा कि वह उद्योगपतियों को पेश आने वाले सभी मसलों को केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार से व्यक्तिगत रूप से उठाएंगे ताकि व्यापार करने में कोई परेशानी न हो।

94,000 करोड़ रुपए का निवेश आया

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब को सामुदायिक सौहार्द, शांति और सद्भावना वाले राज्य के रूप में जाना जाता है, जो मुख्य रूप से राज्य के समग्र विकास और खुशहाली का मुख्य आधार है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार के प्रयासों के चलते पिछले तीन वर्षों में अब तक राज्य में लगभग 94,000 करोड़ रुपए का निवेश आया है।

उन्होंने कहा कि टाटा स्टील, सनातन टेक्सटाइल और अन्य प्रमुख कंपनियां राज्य में निवेश करने के लिए आगे आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि कंपनियां अपने कारोबार के विस्तार के लिए राज्य में उत्कृष्ट बुनियादी ढांचे, बिजली, कुशल मानव संसाधन और बेहतरीन औद्योगिक और कार्य संस्कृति वाले अनुकूल माहौल का अधिक से अधिक लाभ उठा रही हैं।

ये रहे उपस्थित

मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्यमियों को राज्य में निवेश करके बहुत लाभ हो रहा है, जो देश के औद्योगिक केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य में औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन देने के लिए नए सुझावों और विचारों पर गौर करने के लिए हमेशा तैयार है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार राज्य में औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन देने के लिए उनकी मदद करेगी।

शिष्टमंडल में फोकल प्वाइंट एसोसिएशन जालंधर के प्रधान गुरशरण सिंह,उद्योगपति शरद अग्रवाल, तुषार जैन, नितिन कपूर,सुविंदर पाल सिंह, विनीत महाजन, सुगम जैन, रोमी और अन्य उपस्थित थे। इस अवसर पर पंजाब हैरिटेज एवं प्रमोशन बोर्ड के सलाहकार दीपक बाली एवं अन्य उपस्थित थे।