ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 06 March 2025

Punjab News: पंजाब पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़, पिस्तौलो सहित दो गिरफ्तार

Punjab News: पंजाब पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़, पिस्तौलो सहित दो गिरफ्तार

डेली संवाद, चंडीगढ़/पठानकोट। Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान (Bhagwant Mann) के निर्देशानुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस पठानकोट की टीम ने अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल के दो सदस्यों को चार पिस्तौल और कारतूसों सहित गिरफ्तार कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस संबंध में जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव (DGP Gaurav Yadav) ने गुरुवार को यहां दी।

यह भी पढ़ें: कनाडा में नई मुसीबत, रद्द होंगे स्टडी और वर्क परमिट, जाने कारण

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान कंवलप्रीत सिंह उर्फ कंवर, जो कि बटाला के गांव बुट्टर कलां का निवासी है, और रंजीत सिंह, जो कि गुरदासपुर के भैणी बांगर का निवासी है, के रूप में हुई है। बरामद किए गए हथियारों में एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल और दो .32 बोर पिस्तौल सहित चार मैगजीन और 39 कारतूस शामिल हैं।

Director General of Police (DGP) Punjab Gaurav Yadav
Director General of Police (DGP) Punjab Gaurav Yadav

जांच में सामने आया कि...

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कंवलप्रीत अमेरिका स्थित गैंगस्टर पवित्र सिंह चौड़ा, जो कि बटाला के गांव चौड़ा का निवासी है, के संपर्क में था और उसी के इशारे पर काम कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि गैंगस्टर पवित्र चौड़ा ने आपराधिक तत्वों को हथियारों की आपूर्ति के लिए एक खेप की व्यवस्था की थी, ताकि इन हथियारों के जरिए सीमा से सटे इस राज्य में स्थापित की गई शांति और सद्भावना को भंग किया जा सके।

डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसके आगे-पीछे के संबंधों को स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों द्वारा किए गए अन्य अपराधों का पता लगाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

हथियारों की खेप हासिल की

अधिक जानकारी साझा करते हुए एआईजी, काउंटर इंटेलिजेंस, पठानकोट, सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से खुफिया सूचना मिली थी कि गैंगस्टर पवित्र चौड़ा के दो सहयोगियों ने हथियारों की एक खेप हासिल की है। इस पर काउंटर इंटेलिजेंस, पठानकोट की पुलिस टीमों ने एक गोपनीय अभियान शुरू किया और बटाला क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है। उल्लेखनीय है कि आरोपी कंवलप्रीत सिंह को हत्या के प्रयास, आपराधिक घुसपैठ और नुकसान पहुंचाने सहित तीन आपराधिक मामलों में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने आगे बताया कि 10 दिसंबर 2024 को गुरदासपुर जेल से रिहा होने के बाद आरोपी कंवलप्रीत फिर से आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया और उसके खिलाफ गोलीबारी का मामला दर्ज किया गया था, जिसमें कुछ व्यक्तियों ने मकान मालिक को मारने के इरादे से एक घर पर गोलियां चलाई थीं।

मामला दर्ज

एआईजी ने बताया कि इसी तरह, आरोपी रंजीत सिंह भी पुलिस जिला बटाला के थाना घनिए के बांगर में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में शामिल है। इस संबंध में पुलिस स्टेशन एसएसओसी अमृतसर में एफआईआर नंबर 12, दिनांक 05.03.2025 को आर्म्स एक्ट की धारा 25 और बीएनएस की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।