ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 28 September 2026

Punjab News: पंजाब में देर रात अवैध खनन पर कार्रवाई, पुलिस टीम पर टिप्पर चढ़ाने का प्रयास, कांस्टेबल ने कूदकर बचाई जान

Punjab News: पंजाब में देर रात अवैध खनन पर कार्रवाई, पुलिस टीम पर टिप्पर चढ़ाने का प्रयास, कांस्टेबल ने कूदकर बचाई जान

डेली संवाद, पठानकोट। Punjab News: पंजाब के पठानकोट में रावी दरिया में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर टिप्पर चढ़ाने की कोशिश का मामला सामने आया है। रविवार देर रात पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध माइनिंग के खिलाफ छापेमारी की।

इस दौरान टिप्पर चालक ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। सीनियर कांस्टेबल ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मौके से पोकलेन मशीन, टिप्पर और एक स्कॉर्पियो कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पोकलेन मशीन का ऑपरेटर मौके से फरार हो गया।

रात 1:45 बजे रावी दरिया में छापेमारी

जानकारी के अनुसार, थाना सुजानपुर और स्पेशल ब्रांच पठानकोट की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि माधोपुर में रावी दरिया के किनारे श्री बालाजी स्टोन क्रशर के सामने बड़े स्तर पर अवैध खनन किया जा रहा है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने रविवार देर रात करीब 1:45 बजे मौके पर छापेमारी की। वहां पोकलेन मशीन और टिप्पर की मदद से खनन किया जा रहा था। मौके पर एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार भी खड़ी मिली।

पुलिस को देखते ही भागा पोकलेन ऑपरेटर

पुलिस टीम को देखकर पोकलेन मशीन का ऑपरेटर मशीन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसी दौरान टिप्पर चालक ने वाहन स्टार्ट कर दिया।

यह भी पढ़ें: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप! गुस्साए छात्रों ने किया जमकर हंगामा, आगजनी

पुलिस के अनुसार, चालक ने टिप्पर को पुलिस टीम की तरफ तेजी से बढ़ाया और पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। सीनियर कांस्टेबल प्रदीप कुमार ने समय रहते एक तरफ छलांग लगाकर खुद को बचाया। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर टिप्पर को रोक लिया।

पठानकोट और गुरदासपुर के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके पर मौजूद स्कॉर्पियो से उतरे एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अमन निवासी पठानकोट के रूप में बताई।

वहीं, टिप्पर नंबर JK 02 CS 9087 के चालक की पहचान लोकी मसीह निवासी तिब्बड़, जिला गुरदासपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

माइनिंग एक्ट और हत्या के प्रयास की धाराओं में केस

थाना सुजानपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध खनन अधिनियम (Mining Act) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा पुलिस टीम पर टिप्पर चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश करने के आरोप में भी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।

पुलिस ने मौके से पोकलेन मशीन, टिप्पर और स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है। फरार पोकलेन ऑपरेटर की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अवैध खनन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।