ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 19 September 2026

Punjab News: नहर में मिला संदिग्ध बम शेल: मचा हड़कंप, पुलिस-सेना ने संभाला मोर्चा

Punjab News: नहर में मिला संदिग्ध बम शेल: मचा हड़कंप, पुलिस-सेना ने संभाला मोर्चा

डेली संवाद, पठानकोट। Punjab News: पठानकोट के सुजानपुर-जुगियाल रोड पर यूबीडीसी (अपरबारी दोआब कैनाल) में शनिवार को एक मिसाइलनुमा संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। नहर के पास से गुजर रहे एक युवक की नजर पानी में डूबी इस वस्तु पर पड़ी। इसकी बनावट संदिग्ध लगने पर उसने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पठानकोट पुलिस, भारतीय सेना और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके को घेर लिया गया है और संदिग्ध वस्तु की जांच की जा रही है।

फैक्ट्री से लौट रहे युवक की पड़ी नजर

प्रत्यक्षदर्शी सुजानपुर के शाहपुर गेट निवासी मोहन लाल के मुताबिक, वह फैक्ट्री में काम खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे। रास्ते में पानी के पास रुकने पर उनकी नजर नहर में डूबी एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी।

मोहन लाल ने बताया कि वस्तु देखने में मिसाइल या बम जैसी लग रही थी। उन्होंने बिना उसे छुए तुरंत 112 हेल्पलाइन पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाका किया सील

सूचना मिलते ही थाना सुजानपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने संदिग्ध वस्तु को छूने के बजाय आसपास का क्षेत्र सुरक्षित किया और बम निरोधक दस्ते को सूचना दी।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर रखा गया है। विशेषज्ञों की निगरानी में ही संदिग्ध वस्तु को पानी से बाहर निकालने की प्रक्रिया की जाएगी।

सेना की टीम भी मौके पर पहुंची

मामले की सूचना मिलने के बाद भारतीय सेना की टीम भी मौके पर पहुंची और संदिग्ध वस्तु की जांच शुरू की। पठानकोट संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां मामले को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही हैं।

बम निरोधक दस्ते ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा घेरा बनाया है। वस्तु की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि विशेषज्ञों की जांच के बाद ही हो सकेगी।

SSP बोले- पुराना बम शेल होने की संभावना

पठानकोट के SSP मनप्रीत सिंह ने बताया कि यूबीडीसी नहर में एक बम शेल मिला है। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह पुराना प्रतीत हो रहा है। उन्होंने संभावना जताई कि पिछले दिनों पानी के तेज बहाव में यह वस्तु कहीं पीछे से बहकर आई हो और पानी का स्तर कम होने के बाद दिखाई दी।

SSP के अनुसार, सेना की बम डिस्पोजल टीम को सूचना दे दी गई है। टीम संदिग्ध शेल को कब्जे में लेकर सुरक्षित तरीके से डिस्पोज करेगी।

जांच के बाद साफ होगी वस्तु की असली पहचान

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।

विशेषज्ञों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि नहर में मिली वस्तु वास्तव में पुराना निष्क्रिय शेल है या इसमें किसी तरह का विस्फोटक खतरा मौजूद है। पठानकोट पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा हुआ है और सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर निगरानी जारी है।