ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 26 September 2026

Punjab News: पंजाब में एनकाउंटर, पुलिस और बदमाश के बीच कई राउंड फायरिंग, एक को लगी गोली, इलाके में मचा हड़कंप

Punjab News: पंजाब में एनकाउंटर, पुलिस और बदमाश के बीच कई राउंड फायरिंग, एक को लगी गोली, इलाके में मचा हड़कंप

डेली संवाद, अमृतसर। Punjab News: अमृतसर देहात पुलिस ने ASI जसवंत सिंह पर गोली चलाने के मामले में फरार चल रहे आरोपी करण को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, कंडोवालिया इलाके में आरोपी और पुलिस टीम के बीच फायरिंग हुई।

अमृतसर (Amritsar) पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान करण के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस को देखकर आरोपी ने की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि ASI जसवंत सिंह पर फायरिंग का आरोपी करण कंडोवालिया इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर करण ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

हथियार बरामद करने ले जाते समय हुआ था फरार

करण पर ASI जसवंत सिंह पर गोली चलाने का आरोप है। पुलिस ने उसे पहले गिरफ्तार किया था। बुधवार रात पुलिस टीम उसे हथियार बरामद करने के लिए मजीठा इलाके में लेकर गई थी। इसी दौरान करण पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गया।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी। विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। आखिरकार कंडोवालिया इलाके में पुलिस को उसकी लोकेशन मिली।

ASI जसवंत सिंह पर 11 सितंबर को हुई थी फायरिंग

दरअसल, 11 सितंबर की रात राजासांसी इलाके में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस लाइन में तैनात ASI जसवंत सिंह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनका पीछा किया और उनके सिर पर गोली चला दी।

गोली उनकी पगड़ी को भेदते हुए सिर को छूकर निकल गई थी, जिससे ASI जसवंत सिंह को चोट लगी थी।

CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान CCTV फुटेज के आधार पर करण को गिरफ्तार किया था। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।

पुलिस उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी और हथियार बरामद करने के लिए जांच आगे बढ़ा रही थी। इसी दौरान हथियार की बरामदगी के लिए ले जाते समय आरोपी के फरार होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे।

हथियार और संपर्कों की जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया और हिरासत से फरार होने के बाद उसने किन लोगों से संपर्क किया। पुलिस उसके अन्य संभावित साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस मुठभेड़ और आरोपी से जुड़े पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।