ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 29 November 2026

Punjab News: लग्जरी फ्लैट के नाम पर करोड़ों का खेल, पुलिस ने रियल एस्टेट कारोबारी को पकड़ा

Punjab News: लग्जरी फ्लैट के नाम पर करोड़ों का खेल, पुलिस ने रियल एस्टेट कारोबारी को पकड़ा

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: चंडीगढ़ पुलिस ने रियल एस्टेट कारोबारी प्रतीक मित्तल को सेक्टर-19 की मार्केट से गिरफ्तार किया है। प्रतीक मित्तल पर लग्जरी फ्लैट दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये निवेश करवाने और कथित धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। आरोपी सुषमा ग्रुप का डायरेक्टर बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ चेक बाउंस की पांच शिकायतें अदालतों में लंबित थीं। इन मामलों में लगातार पेश न होने के कारण उसे वांटेड घोषित किया गया था।

पुलिस की प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर (PO) और समन स्टाफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरोपी ने फ्लैट आवंटित करने और उनकी डिलीवरी देने का वादा किया था, लेकिन तय समय पर वादे पूरे नहीं किए गए। इसके बाद निवेशकों ने चेक बाउंस होने पर नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट (NI Act) के तहत अदालतों में शिकायतें दर्ज कराईं।

प्रॉपर्टी डील के नाम पर 90.79 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप

यह प्रोजेक्ट मोहाली के जीरकपुर में विकसित किया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कितने लोगों ने इस प्रोजेक्ट में निवेश किया और कुल कितनी रकम का लेन-देन हुआ। प्रतीक मित्तल के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस के आर्थिक अपराध शाखा (EOW) थाने में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, गुरदीप सिंह कोचर की शिकायत पर 17 अक्टूबर 2026 को FIR नंबर 7 दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि प्रॉपर्टी डील के नाम पर उससे 90,79,366 रुपये की कथित धोखाधड़ी की गई। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2), 318(4) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।

देशभर में दर्ज मामलों का ब्योरा जुटा रही चंडीगढ़ पुलिस

प्रतीक मित्तल की गिरफ्तारी के बाद चंडीगढ़ पुलिस अब देश के अन्य हिस्सों में उसके खिलाफ दर्ज शिकायतों और मुकदमों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरफ्तारी SSP कंवरदीप कौर के निर्देश पर DSP जसपाल सिंह के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर नीरज कुमार की टीम ने की।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

पुलिस का कहना है कि अन्य मामलों की जानकारी मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पंजाब पुलिस भी बठिंडा में दर्ज मामले को लेकर आरोपी को रिमांड पर लेने की तैयारी कर सकती है।

कांग्रेस नेता के बेटे की आत्महत्या के मामले में भी दर्ज है केस

प्रतीक मित्तल का नाम बठिंडा के एक अन्य गंभीर मामले में भी सामने आया है। दिवंगत कांग्रेस नेता सुखराज सिंह नत्त के बेटे एडवोकेट दविंदरपाल सिंह नत्त की आत्महत्या के मामले में चंडीगढ़ की रियल एस्टेट कंपनी सुषमा बिल्डटेक लिमिटेड के डायरेक्टर प्रतीक मित्तल, उनके पिता बिंदरपाल मित्तल और भाई भरत मित्तल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज है।

जानकारी के मुताबिक, दविंदरपाल सिंह नत्त ने 29 मार्च 2026 को बठिंडा स्थित अपने घर में लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। घटना से पहले बनाए गए वीडियो और सुसाइड नोट में उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्होंने अपने करीब 4 करोड़ रुपये और दोस्तों के 6 से 7 करोड़ रुपये कंपनी के मालिकों के पास निवेश किए थे, लेकिन उनकी रकम वापस नहीं मिल रही थी।

आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर, दो दर्जन से ज्यादा बैंक खाते फ्रीज

इस मामले में 30 मार्च 2026 को बठिंडा के कैनाल कॉलोनी थाने में BNS की धारा 108 और 3(5) के तहत FIR दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करवाया था। इसके अलावा दो दर्जन से अधिक बैंक खाते भी फ्रीज किए गए थे। अब चंडीगढ़ में प्रतीक मित्तल की गिरफ्तारी के बाद बठिंडा आत्महत्या मामले की जांच भी महत्वपूर्ण हो गई है।

माना जा रहा है कि पंजाब पुलिस इस मामले में पूछताछ के लिए आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की मांग कर सकती है। फिलहाल पुलिस विभिन्न शिकायतों, निवेश की गई रकम और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। इन मामलों में लगाए गए आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत में कानूनी प्रक्रिया के बाद होगा।