Monday, 05 October 2026
पंजाब
Punjab News: पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स की बड़ी खेप पकड़ी, 3 आरोपियों को दबोचा
डेली संवाद, तरनतारन। Punjab News: पंजाब के तरनतारन में जिला पुलिस (Police) ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 किलो हेरोइन, 930 ग्राम अफीम और 950 ग्राम आईस बरामद की है।
पुलिस ने इस मामले में स्विफ्ट कार सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना भिखीविंड में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहुविंड इलाके में पुलिस ने की कार्रवाई
एसएसपी सुरेंद्र लांबा के अनुसार, पुलिस टीम सोमवार को पहुविंड इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक स्विफ्ट कार को रोककर उसमें सवार तीन लोगों की तलाशी ली।
कार की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद हुए। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- अवतार सिंह भबरीला उर्फ दीपा, निवासी चक बनहबा, वर्तमान में पहुविंड
- हरचंद सिंह, निवासी मस्तगढ़
- हरमनप्रीत सिंह सनी, निवासी गुरु नानकपुरा, अमृतसर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 3 किलो हेरोइन, 930 ग्राम अफीम और 950 ग्राम आईस बरामद की है।
पुराने और मौजूदा नशा नेटवर्क की होगी जांच
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना भिखीविंड में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि बरामद नशा कहां से लाया गया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
साथ ही पुलिस आरोपियों के पुराने और मौजूदा नशा तस्करी के कनेक्शन भी खंगालेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के दौरान सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।