ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 05 November 2026

Punjab News: चन्नी के करीबी कांग्रेस नेता पर FIR, दलित नेता से मारपीट और धमकी देने का आरोप

Punjab News: चन्नी के करीबी कांग्रेस नेता पर FIR, दलित नेता से मारपीट और धमकी देने का आरोप

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी माने जाने वाले वरिंदर सिंह ढिल्लों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ वीरवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-11 पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है। उन पर कांग्रेस भवन में दलित नेता रणजीत सिंह तरखान माजरा के साथ मारपीट करने, जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।

बताया जा रहा है कि रणजीत सिंह तरखान माजरा ने पिछले दिनों इस मामले में पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वरिंदर सिंह ढिल्लों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

27 अक्टूबर को कांग्रेस भवन में हुई थी कथित मारपीट

इस मामले को आम आदमी पार्टी के नेता और चमकौर साहिब के हलका इंचार्ज जसवीर सिंह गढ़ी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उठाया था। उन्होंने दावा किया था कि 27 अक्टूबर को दोपहर के समय सेक्टर-15 स्थित कांग्रेस भवन में रणजीत सिंह तरखान माजरा के साथ मारपीट की गई थी।

गढ़ी के मुताबिक, रणजीत सिंह कांग्रेस भवन के वॉशरूम में गए थे। वहां से बाहर आने के बाद वरिंदर सिंह ढिल्लों और उनके साथियों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।

कांग्रेस भवन में मौजूद थे दूसरे नेता और कार्यकर्ता

जसवीर सिंह गढ़ी ने आरोप लगाया था कि जिस समय यह घटना हुई, उस दौरान कांग्रेस भवन में कई अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। इसके बावजूद किसी ने रणजीत सिंह तरखान माजरा को बचाने के लिए हस्तक्षेप नहीं किया।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

उन्होंने इस घटना को लेकर कांग्रेस की दलितों के प्रति सोच पर सवाल उठाए थे। गढ़ी ने कहा था कि कांग्रेस भवन में हुई इस घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और पीड़ित को इंसाफ मिलना चाहिए।

चन्नी के साथ वरिंदर ढिल्लों की नजदीकी का भी किया था जिक्र

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जसवीर सिंह गढ़ी ने वरिंदर सिंह ढिल्लों की पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ नजदीकी का भी जिक्र किया था। गढ़ी ने दावा किया था कि वरिंदर सिंह ढिल्लों को कई मौकों पर चन्नी के साथ देखा गया है।

उन्होंने आरोप लगाया था कि ढिल्लों पहले भी चन्नी के समर्थन में बयान देते रहे हैं। अब वरिंदर सिंह ढिल्लों के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद यह मामला पंजाब की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।