Friday, 13 November 2026
पंजाब
Punjab Verka Milk Price Hike: पंजाब में वेरका का दूध हुआ महंगा, आज से लागू हुए नए रेट; अमूल से भी ज्यादा बढ़े दाम
डेली संवाद, चंडीगढ़। Verka Milk Price Hike in Punjab: पंजाब के लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। वेरका (Verka) ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। दूध के नए रेट आज से लागू हो गए हैं। लुधियाना डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड के आदेश के मुताबिक वेरका के फुल क्रीम, स्टैंडर्ड, गाय के दूध और डबल टोंड दूध की कीमतों में 1 से 8 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
इससे अब आम लोगों की रसोई का बजट और बढ़ जाएगा। इससे पहले अमूल और मदर डेयरी भी 12 नवंबर से दूध के दामों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर चुकी हैं। अब वेरका के नए रेट लागू होने के बाद पंजाब में दूध खरीदना और महंगा हो गया है।
वेरका ने किस दूध के कितने बढ़ाए दाम?
वेरका प्रबंधन ने अलग-अलग वैरायटी के दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है। फुल क्रीम दूध 4 रुपये प्रति लीटर, टोंड दूध 2 रुपये प्रति लीटर, गाय का दूध 4 रुपये प्रति लीटर और डबल टोंड दूध 2 रुपये प्रति लीटर महंगा किया गया है।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
गाय के दूध के 500 मिलीलीटर पैकेट की कीमत 31 रुपये से बढ़ाकर 33 रुपये कर दी गई है। यानी एक लीटर दूध खरीदने पर अब ग्राहकों को 4 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इसी तरह फुल क्रीम दूध के 500 मिलीलीटर पैकेट पर 2 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
पुरानी पैकेजिंग पर छपे होंगे पुराने रेट
वेरका प्रबंधन के मुताबिक कंपनी के पास पुरानी पॉलीथिन फिल्म का स्टॉक मौजूद है। ऐसे में जब तक पुरानी पैकेजिंग का स्टॉक खत्म नहीं होता, तब तक ग्राहकों को दूध के पैकेट पर पुराने रेट छपे हुए दिखाई दे सकते हैं।
हालांकि, ग्राहकों से भुगतान नई रेट लिस्ट के अनुसार ही लिया जाएगा। इसके लिए सभी डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटरों को दुकानों पर नई रेट लिस्ट लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि ग्राहकों को कीमतों को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो।
सर्दियों में दूध की डिमांड बढ़ने से बढ़े दाम
सर्दियों के मौसम में पशुओं के दूध देने की क्षमता में कमी आने से दूध उत्पादन प्रभावित होता है। दूसरी तरफ बाजार में दूध की मांग बनी रहती है। मांग और आपूर्ति के बीच अंतर को भी कीमतों में बढ़ोतरी की एक वजह माना जा रहा है।
अमूल के मुकाबले वेरका ने औसतन ज्यादा बढ़ाए दाम
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की तुलना करें तो वेरका ने चार प्रमुख वैरायटी में औसतन करीब 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। वहीं अमूल ने इन चारों वैरायटी के दाम क्रमशः 4, 2, 3 और 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए हैं।
अमूल की औसत बढ़ोतरी करीब 2.75 रुपये प्रति लीटर बैठती है। इस हिसाब से वेरका की औसत मूल्य वृद्धि अमूल के मुकाबले करीब 25 पैसे प्रति लीटर अधिक है।
मई में भी बढ़ाए गए थे दूध के दाम
वेरका ने इससे पहले 14 मई को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। उस समय अलग-अलग वैरायटी के दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए गए थे।
इसके साथ ही पशुपालकों से खरीदे जाने वाले दूध की कीमत में भी 20 रुपये प्रति किलोग्राम फैट की बढ़ोतरी की गई थी। अब एक बार फिर कीमतें बढ़ने से पंजाब के दूध उपभोक्ताओं पर महंगाई का असर देखने को मिलेगा।