ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 21 December 2025

Punjab: पंजाब में धुंध का कहर, अमृतसर से 7 फ्लाइट्स रद्द, कई ट्रेने लेट, देखें ट्रेनों की लिस्ट

Punjab: पंजाब में धुंध का कहर, अमृतसर से 7 फ्लाइट्स रद्द, कई ट्रेने लेट, देखें ट्रेनों की लिस्ट
डेली संवाद, चंडीगढ़/अमृतसर। Punjab Weather Fog Alert News Live: पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से राज्य में आज और अगले दो दिनों तक बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं। इसका असर खासतौर पर पहाड़ी इलाकों में अधिक देखने को मिलेगा, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 24 दिसंबर के बाद प्रदेश में एक बार फिर धुंध और कोहरे का प्रकोप बढ़ने की संभावना है, जो 27 दिसंबर और उसके बाद भी जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि रविवार को हरियाणा से सटे जिलों संगरूर, पटियाला, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में धुंध का अलर्ट जारी किया गया है। [caption id="attachment_96880" align="aligncenter" width="1200"] Punjab Weather Update Punjab Weather Update[/caption]

इन जिलों में बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब (Punjab) के पठानकोट, गुरदासपुर और अमृतसर में बारिश के आसार बने हुए हैं। इसके अलावा सोमवार और मंगलवार को पठानकोट, अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, होशियारपुर और कपूरथला जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। रविवार को पंजाब में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरदासपुर में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण कई जिलों में बादल छाए रहने से रात के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है और यह सामान्य से करीब 4.6 डिग्री अधिक बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 24 दिसंबर से धुंध बढ़ने के साथ ही तापमान में तेज गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे ठंड एक बार फिर अपना असर दिखाएगी। [caption id="attachment_75815" align="aligncenter" width="1200"] Amritsar Airport News Amritsar Airport News[/caption]

अमृतसर एयरपोर्ट पर उड़ानें रद्द

घनी धुंध और खराब दृश्यता का सीधा असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रविवार को कुल 7 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें 4 आगमन और 3 प्रस्थान उड़ानें शामिल हैं। एयरलाइनों की ओर से यात्रियों को पूर्व सूचना देकर इन उड़ानों को रद्द किया गया।
यह भी पढ़ें: डंकी रूट का मास्टर माइंड जालंधर में, ED की कार्रवाई के बाद हड़कंप, 12 ट्रेवल एजैंट रडार पर
रद्द की गई आगमन उड़ानों में इंडिगो की पुणे और दिल्ली से आने वाली तीन उड़ानें तथा एयर इंडिया एक्सप्रेस की दुबई से आने वाली एक उड़ान शामिल है। वहीं प्रस्थान उड़ानों में अमृतसर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की दो उड़ानें और अमृतसर से शारजाह जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान रद्द की गई। लगातार बढ़ती धुंध के कारण आने वाले दिनों में भी उड़ानों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। [caption id="attachment_81082" align="aligncenter" width="1200"] Indian Railway Indian Railway[/caption]

रेल यातायात भी हुआ प्रभावित

घने कोहरे और धुंध का असर रेल यातायात पर भी साफ नजर आया। रविवार को अमृतसर रेलवे स्टेशन से चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से रवाना हुईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शताब्दी एक्सप्रेस (12014) अपने निर्धारित समय सुबह 4:55 बजे के बजाय 13 मिनट की देरी से 5:08 बजे रवाना हुई। वहीं सचखंड एक्सप्रेस (12716) को सबसे ज्यादा देरी का सामना करना पड़ा और यह ट्रेन अपने निर्धारित समय 5:30 बजे के बजाय 2 घंटे 39 मिनट की देरी से 8:09 बजे चली। त्रिवेंद्रमपुरम साप्ताहिक एक्सप्रेस (12484) भी 5:55 बजे के बजाय 6:08 बजे रवाना हुई।

ये ट्रेनें भी लेट

इसके अलावा पश्चिम एक्सप्रेस (12926) सुबह 7:20 बजे की जगह 7:29 बजे, मुंबई सीएसएमटी एक्सप्रेस (11058) 8:50 के बजाय 8:58 बजे और सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस (12204) लगभग 30 मिनट की देरी से चली। दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस (14680) 6:15 की जगह 6:27 बजे, आम्रपाली एक्सप्रेस (15708) 7:40 के बजाय 7:47 बजे रवाना हुई। वंदे भारत एक्सप्रेस (22488) भी नई दिल्ली के लिए लगभग 8 मिनट देरी से चली। [caption id="attachment_48825" align="aligncenter" width="800"] FOG[/caption] दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22430) अपने निर्धारित समय 9:25 बजे के बजाय 9:41 बजे रवाना हुई, जबकि जयनगर क्लोन स्पेशल (04652) को 3 घंटे 35 मिनट की देरी के साथ दोपहर 2:30 बजे रवाना किया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।

आने वाले दिनों में धुंध बढ़ेगी

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश, धुंध और कोहरे का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में सड़क, रेल और हवाई यातायात पर और अधिक असर पड़ने की संभावना है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।