Friday, 31 July 2026
पंजाब
Punjab Weather Update: पंजाब में फिर बरसेंगे बादल, जालंधर-पठानकोट समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में 31 जुलाई से 3 अगस्त तक मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
खासतौर पर पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर), रूपनगर और मोहाली में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
तापमान सामान्य स्तर के करीब पहुंचा
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 0.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र (डिप्रेशन) फिलहाल महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में सक्रिय है। इसके प्रभाव से मानसून ट्रफ पंजाब से दक्षिण की ओर खिसक गई है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ भी अब उत्तरी हरियाणा की ओर बढ़ गया है। इसी वजह से अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब और चंडीगढ़ में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना कम मानी जा रही है।
भारी बारिश की संभावना
हालांकि, राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना बनी रहेगी। सीमावर्ती और उत्तरी जिलों—पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा मोहाली, रूपनगर, जालंधर, कपूरथला, तरनतारन और नवांशहर में भी कई इलाकों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।