Wednesday, 09 September 2026
पंजाब
Punjab Weather Update: पंजाब के 3 जिलों में आज बारिश की संभावना, चंडीगढ़ में मौसम साफ; तापमान सामान्य से 1.6° ज्यादा
डेली संवाद, मोहाली। Punjab Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं। बुधवार को पठानकोट, रूपनगर और होशियारपुर को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना कम है।
इन तीन जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, पंजाब के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। चंडीगढ़ में भी मौसम साफ रहने की संभावना है। बारिश नहीं होने के कारण गर्मी और उमस बढ़ सकती है।
पंजाब में मानसून कमजोर, 14 सितंबर तक कहीं-कहीं बारिश
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय मानसून कमजोर स्थिति में है। बारिश कराने वाली मानसून ट्रफ पंजाब के फिरोजपुर से होकर गुजर रही है, जिसके कारण वातावरण में नमी बनी हुई है। हालांकि, फिलहाल कोई मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिसके चलते पूरे पंजाब और चंडीगढ़ में व्यापक बारिश होने की संभावना कम है।
मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, 14 सितंबर तक पंजाब में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी बनी रहेगी।
उत्तर हरियाणा में चक्रवाती परिसंचरण का असर
उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से पंजाब के कुछ हिस्सों में बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
वहीं, पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पूर्व दिशा की ओर आगे बढ़ चुका है। ऐसे में पंजाब और चंडीगढ़ पर इसका सीधा प्रभाव अब काफी कम हो गया है।
तापमान में बढ़ोतरी, फरीदकोट सबसे गर्म
बारिश की गतिविधियां कम होने के बीच पंजाब में तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है और यह सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
पंजाब में फरीदकोट 36 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। मंगलवार को भी बारिश का अनुमान जताया गया था, लेकिन ज्यादातर इलाकों में बारिश नहीं हुई।
गर्मी और उमस के कारण बिजली की मांग बढ़ी
पंजाब में गर्मी और उमस का असर बिजली की मांग पर भी दिखाई दे रहा है। बुधवार सुबह 6 बजे बिजली की मांग 12,969 मेगावाट तक पहुंच गई। इस समय राज्य में करीब 4,576 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था, जबकि मांग पूरी करने के लिए 8,395 मेगावाट बिजली बाहर से ली जा रही थी।
बताया गया है कि निर्धारित मात्रा से करीब 470 मेगावाट अधिक बिजली ली जा रही है। इस दौरान बिजली की फ्रीक्वेंसी 49.8 हर्ट्ज दर्ज की गई।
भाखड़ा और पोंग बांध में जलस्तर खतरे के निशान से नीचे
पंजाब में बारिश कम होने के बावजूद भाखड़ा और पोंग बांधों में जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे बताया गया है।भाखड़ा बांध में पानी का स्तर 1,643.36 फीट दर्ज किया गया। बांध में 27,440 क्यूसेक पानी की आमद हो रही है, जबकि 25,300 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
वहीं पोंग बांध में पानी का स्तर 1,372.5 फीट है। यहां 15,874 क्यूसेक पानी की आमद हो रही है और 12,315 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
Punjab Weather: आज कहां हो सकती है बारिश?
पठानकोट: कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश संभव
रूपनगर: कुछ इलाकों में बारिश के आसार
होशियारपुर: हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
बाकी पंजाब: अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान
चंडीगढ़: मौसम साफ रहने की संभावना