Friday, 04 September 2026
पंजाब
Punjab Weather Update: बारिश से बदला पंजाब का मौसम, 9 सितंबर तक बरसेंगे बादल; येलो अलर्ट जारी
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। शुक्रवार को जालंधर, पठानकोट समेत कई इलाकों में बारिश होने से मौसम का मिजाज बदल गया।
मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया है। वहीं चंडीगढ़ में खराब मौसम को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में तेज बारिश
मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, नवांशहर और मोहाली में कुछ स्थानों पर जोरदार बारिश हो सकती है। इन इलाकों के अलावा गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला और जालंधर (Jalandhar) समेत कई जिलों में हल्की या मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला भी बारिश की संभावित सूची में हैं। वहीं तरनतारन से लेकर मानसा तक कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है।
बारिश से मिलेगी राहत
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 4 और 5 सितंबर को बारिश का असर ज्यादा दिखाई दे सकता है। इसके बाद भी मानसून गतिविधियां पूरी तरह थमने के आसार नहीं हैं। 9 सितंबर तक पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है।
मौसम में यह बदलाव उत्तरी हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम और मानसून ट्रफ के असर से हो रहा है। बारिश के कारण तापमान में कमी आने के साथ लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।