Saturday, 22 August 2026
पंजाब
Punjab Weather Update: पंजाब में बारिश का दौर जारी, इन 4 जिलों में अलर्ट
डेली संवाद, मोहाली। Punjab Weather Update: जालंधर और पठानकोट में शनिवार सुबह हल्की बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, पंजाब के कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में भी आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा।
इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर के अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिसके बाद यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। शुक्रवार को पंजाब में सबसे अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान श्री आनंदपुर साहिब में दर्ज किया गया।
बिजली की मांग 13 हजार मेगावाट पहुंची
मॉनसून ट्रफ इस समय अमृतसर से होकर गुजर रही है। इससे पंजाब में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। वहीं, उत्तरी हरियाणा के ऊपर बना ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण भी पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके प्रभाव से आज पंजाब में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
21 अगस्त की रात 10:43 बजे पंजाब में बिजली की कुल मांग 13,046 मेगावाट दर्ज की गई। इस दौरान राज्य में 5,023 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था, जबकि करीब 8,018 मेगावाट बिजली ग्रिड से ली जा रही थी। ग्रिड की फ्रीक्वेंसी 50.03 हर्ट्ज रही। वहीं, तय शेड्यूल की तुलना में पंजाब ने करीब 39 मेगावाट अधिक बिजली ली।