ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 28 August 2026

Punjab Weather Update: पंजाब में बदला मौसम, पठानकोट में सुबह से तेज बारिश; पांच जिलों में अलर्ट

Punjab Weather Update: पंजाब में बदला मौसम, पठानकोट में सुबह से तेज बारिश; पांच जिलों में अलर्ट

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब के जिला पठानकोट में शुक्रवार सुबह से में भारी बारिश हो रही है। रक्षाबंधन के त्योहार के बीच हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने पंजाब के पांच जिलों—पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रोपड़ में बारिश की संभावना जताई है।

हालांकि, राज्य में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस बढ़ी हुई है। पंजाब का औसत तापमान सामान्य से करीब 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 33.3 से 39.9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

पांच जिलों में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने 27 अगस्त को भी पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रोपड़ में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया था। इस दौरान चंडीगढ़ में दो बार बारिश जैसे हालात बने और हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन कोई मापने योग्य बारिश दर्ज नहीं की गई। राज्य के अन्य मौसम केंद्रों पर बारिश दर्ज नहीं हुई।

वहीं, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके कारण आसपास के इलाकों में नमी बनी हुई है और इसका प्रभाव पंजाब के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।

पंजाब में ज्यादा असर की संभावना

इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से पंजाब और चंडीगढ़ में बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश की गतिविधियां पंजाब के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में अपेक्षाकृत ज्यादा देखने को मिल सकती हैं।

बारिश होने से जहां उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं कमजोर मानसून के बीच किसानों और आम लोगों की नजर अब आने वाले दिनों के मौसम पर बनी हुई है।