ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Sunday, 29 November 2026

Punjab Weather Update: पंजाब के 13 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, 5 दिसंबर के बाद बढ़ेगी ठंड

Punjab Weather Update: पंजाब के 13 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, 5 दिसंबर के बाद बढ़ेगी ठंड

डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ में सर्दी का असर लगातार बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने आज 29 नवंबर को पंजाब के 13 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। हालांकि, प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस लुधियाना में दर्ज किया गया।

पंजाब के 13 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज पंजाब के 13 जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, तरनतारन, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर, लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, एसएएस नगर और नवांशहर शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत

कोहरे के कारण सुबह और रात के समय सड़कों पर विजिबिलिटी कम हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पंजाब में चल रही हैं ठंडी हवाएं

प्रदेश में फिलहाल शुष्क और ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 2 दिसंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।

इसके प्रभाव से 3 और 4 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। हालांकि, पंजाब और चंडीगढ़ में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। अगले 5 दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

5 दिसंबर के बाद बढ़ेगी ठंड, छाएगा घना कोहरा

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 5 से 7 दिसंबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश हो सकती है।

8 दिसंबर के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आगे निकलने पर पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण पंजाब समेत आसपास के इलाकों में तापमान तेजी से गिर सकता है।

इसके साथ ही वातावरण में नमी बढ़ने के कारण दिसंबर के दूसरे सप्ताह से घना कोहरा छाने और कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है।