Tuesday, 11 August 2026
पंजाब
Punjab Weather Update: पंजाब में 7 दिन बारिश का दौर! 3 जिलों में येलो अलर्ट जारी, तापमान भी गिरा
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab Weather Update: पंजाब में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग ने आज पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस गुरदासपुर में रिकॉर्ड हुआ। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम है।
पंजाब के 5 जिलों में बारिश
मौसम विभाग ने आज पंजाब के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। सोमवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच राज्य के पांच जिलों में बारिश दर्ज की गई। अमृतसर में सबसे ज्यादा 53 मिलीमीटर बारिश हुई।
इसके अलावा थीन डैम (पठानकोट) और रोपड़ केवीके (रूपनगर) में 0.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, लुधियाना और पटियाला में बारिश की केवल ट्रेस मात्रा दर्ज हुई।
अगले सात दिनों तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
11 और 13 अगस्त को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 12, 14, 15 और 16 अगस्त को पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।