ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 24 August 2026

Punjab News: पंजाब दौरे पर आएंगे राहुल गांधी, हरमंदिर साहिब से शुरू होगी कांग्रेस की चुनावी मुहिम

Punjab News: पंजाब दौरे पर आएंगे राहुल गांधी, हरमंदिर साहिब से शुरू होगी कांग्रेस की चुनावी मुहिम

डेली संवाद, पंजाब। Punjab News: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सितंबर के पहले सप्ताह में पंजाब का दौरा कर सकते हैं।

उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर दिल्ली में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने राहुल गांधी से मुलाकात कर कार्यक्रम को लेकर चर्चा की। बताया जा रहा है कि बैठक में राहुल गांधी के पंजाब दौरे की संभावित तारीखों, कार्यक्रम और संगठन की तैयारियों पर विस्तार से बातचीत हुई।

भूपेश बघेल ने संकेत दिया कि राहुल गांधी का पंजाब दौरा अब करीब एक सप्ताह आगे बढ़ गया है। इससे पहले उनके अगस्त के अंतिम दिनों में पंजाब आने की संभावना जताई जा रही थी।

अमृतसर से शुरू हो सकता है दौरा

सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी अपने पंजाब दौरे की शुरुआत अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेककर कर सकते हैं। इसके बाद पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बस यात्रा निकाले जाने की योजना है।

पार्टी ने इस प्रस्तावित यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस का फोकस इस दौरे के जरिए संगठन को चुनाव के लिए सक्रिय करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से जुड़ने पर है।

नेताओं और कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद

राहुल गांधी के दौरे के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें होने की संभावना है। इसके अलावा वह पंजाब के विभिन्न वर्गों के लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं और राज्य के मौजूदा राजनीतिक माहौल को समझने की कोशिश करेंगे।