ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 13 August 2026

Punjab News: पंजाब में भीषण सड़क हादसा, बेकाबू होकर तालाब में गिरी गाड़ी; AAP के तीन कार्यकर्ताओं की मौत

Punjab News: पंजाब में भीषण सड़क हादसा, बेकाबू होकर तालाब में गिरी गाड़ी; AAP के तीन कार्यकर्ताओं की मौत

डेली संवाद, लुधियाना। Punjab News: पंजाब के रायकोट-जगरांव रोड पर गांव बस्सियां के नजदीक बुधवार-गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करीब सवा एक बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे तालाब में जा गिरी।

तीन की मौत

हादसे में कार सवार पांच लोगों में से तीन की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मृतकों की पहचान बलकार सिंह, विशाल और संदीप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए थे और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के करीबी बताए जा रहे है।

नकोदर से दिड़बा लौट रहे थे

जानकारी के मुताबिक, पांचों लोग नकोदर से कार में सवार होकर दिड़बा इलाके की तरफ लौट रहे थे। गांव बस्सियां के पास एक मोड़ पर कार की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद कार सड़क किनारे बने पानी से भरे तालाब में जा गिरी।

हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला गया। तीन लोगों की तब तक मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल जगरांव में रखवा दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में कार की तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण बिगड़ना हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।