Monday, 31 August 2026
पंजाब
Punjab News: राजा वड़िंग की बढ़ीं मुश्किलें, SC आयोग ने 5 दिन में गिरफ्तारी के दिए निर्देश
डेली संवाद, चंडीगढ़। Punjab News: पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री दिवंगत बूटा सिंह पर कथित अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणी के मामले में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) ने पंजाब पुलिस को राजा वड़िंग समेत मामले से जुड़े आरोपियों की 5 दिनों के भीतर गिरफ्तारी कर स्टेटस रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना की अध्यक्षता में मामले की सुनवाई हुई।
चुनावी सभा में की गई कथित टिप्पणी
शिकायतकर्ता सरबजोत सिंह और पंजाब पुलिस के अधिकारी भी सुनवाई में मौजूद रहे। मामला नवंबर 2025 में तरनतारन विधानसभा उपचुनाव के दौरान एक चुनावी सभा में की गई कथित टिप्पणी से जुड़ा है। सरबजोत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने SC/ST एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की थी।
आयोग ने जांच जल्द पूरी कर अदालत में चार्जशीट दाखिल करने को भी कहा है। साथ ही जांच में लापरवाही या देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है। वहीं, सरबजोत सिंह को कथित धमकी भरे फोन आने के मामले में आयोग ने पंजाब और दिल्ली पुलिस को उन्हें पर्याप्त सुरक्षा देने के निर्देश भी दिए हैं। माना जा रहा है कि राजा वड़िंग आयोग के निर्देशों को हाईकोर्ट में चुनौती दे सकते हैं।