ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Monday, 02 November 2026

Electrocution Tragedy: सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से 8 की मौत; गांव में भारी रोष

Electrocution Tragedy: सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से 8 की मौत; गांव में भारी रोष

डेली संवाद, उदयपुरवाटी। Electrocution Tragedy: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुरवाटी के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया और मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे व नौकरी की मांग उठाई।

उदयपुरवाटी थाना प्रभारी रामपाल के मुताबिक, हादसा छापोली-कदंब कुंड मार्ग पर सीकर-नीमकाथाना स्टेट हाईवे से करीब 150 मीटर दूर हुआ। यहां सड़क निर्माण के लिए रोड़ी-बजरी मिलाने का काम चल रहा था। इसी दौरान कंक्रीट मिक्सर मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया।

मशीन में फैला करंट, मजदूर आए चपेट में

जानकारी के मुताबिक, मशीन के हाईटेंशन बिजली तार से टच होते ही उसमें करंट फैल गया। उस समय वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए।

घायल गिदाराम सैनी ने बताया कि वे सभी मशीन को धक्का देकर दूसरी जगह ले जा रहे थे। इसी दौरान मशीन बिजली के तार से टच हो गई और अचानक करंट फैल गया। हादसे के समय मौके पर करीब 12 से 13 लोग मौजूद थे।

मृतकों में ठेकेदार भी शामिल, मंत्री मौके पर पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। उनके साथ पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी

गांव में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण मंत्री और पूर्व विधायक स्टेट हाईवे पर पहुंचे, जहां मंत्री खर्रा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से फोन पर बातचीत की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि ग्रामीण अपने पैसे से सड़क का काम करवा रहे थे और इसी दौरान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया। इस दुर्घटना में काम के ठेकेदार विष्णु सैनी की भी मौत हो गई है।

एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

हादसे में जान गंवाने वाले 8 लोगों में चार मजदूर हालेड़ा मंडावरा और चार छापोली गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

हालेड़ा मंडावरा निवासी:

  • हरिराम गुर्जर (30)

  • मंगलचंद गुर्जर (22)

  • कालूराम गुर्जर (29)

  • पवन गुर्जर (23)

बताया जा रहा है कि ये चारों एक ही परिवार से संबंधित थे।

छापोली निवासी:

  • विष्णु सैनी (38)

  • सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30)

  • मुकेश सैनी (27)

  • फतेहचंद सैनी (32)

मृतकों के परिवारों को 2-2 करोड़ मुआवजा और नौकरी की मांग

हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। छापोली के प्रमोद सैनी ने मांग की कि मृतकों के परिवारों को 2-2 करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाए और उनके आश्रितों को संविदा पर सरकारी नौकरी दी जाए।

ग्रामीणों ने मांगों को लेकर धरना शुरू कर दिया और जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत करवाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से कलेक्टर के गांव पहुंचने की बात कही गई।

गांव में RAC तैनात, पांच घायलों का इलाज जारी

घटना के बाद ग्रामीणों के विरोध और हंगामे को देखते हुए उदयपुरवाटी थाने की पुलिस के अलावा RAC के जवानों को भी गांव में तैनात किया गया है।

हादसे में झुलसे पांच लोगों की पहचान महेंद्र सैनी, गीता देवी (45), संतरा देवी (35), गिदाराम सैनी (45) और मंजू देवी (38) के रूप में हुई है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर स्थिति संभालने में जुटी हुई है। हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।