ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 08 August 2026

Punjab News: पंजाब को मिला अपना IPL! ‘शेर-ए-पंजाब T20 लीग’ का ऐलान, 6 टीमें मैदान में उतरेंगी

Punjab News: पंजाब को मिला अपना IPL! ‘शेर-ए-पंजाब T20 लीग’ का ऐलान, 6 टीमें मैदान में उतरेंगी

डेली संवाद चंडीगढ़ Punjab News: पंजाब को आईपीएल की तर्ज पर ट्वेंटी-20 लीग मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज ‘शेर-ए-पंजाब ट्वेंटी-20 लीग’ की शुरुआत का ऐलान किया, जिसमें छह फ्रेंचाइजी टीमें शामिल होंगी। इन टीमों में शुभमन गिल, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, रमनदीप सिंह और गुरनूर बराड़ सहित पंजाब के स्टार क्रिकेटर खेलेंगे।

बड़ा अवसर और मंच मिलेगा

यह लीग 30 अगस्त से 13 सितंबर तक मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) स्टेडियम में खेली जाएगी। 9 अगस्त को होने वाली नीलामी में पंजाब के 450 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिससे उभरती प्रतिभाओं को स्थापित खिलाड़ियों के साथ खेलने का एक बड़ा अवसर और मंच मिलेगा।

आज के इस अवसर पर भारतीय क्रिकेटर अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह मौजूद थे। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब ने हमेशा देश को प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं और सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा खेल क्षेत्र में राज्य को और मजबूत करने के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने खेलों को नशे के खिलाफ शुरू की गई मुहिम में सबसे प्रभावशाली हथियार बताया।

छह टीमें हिस्सा ले रही

खिलाड़ियों के साथ कुछ झलकियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “शेर-ए-पंजाब ट्वेंटी-20 लीग के खिलाड़ियों से मिलकर बहुत खुशी हुई। पंजाब की धरती ने हमेशा देश को नामवर खिलाड़ी दिए हैं। हमारी सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेलों के क्षेत्र में पंजाब को और आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस ट्वेंटी-20 कप में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी मैच 30 अगस्त से 13 सितंबर तक पीसीए स्टेडियम, मोहाली में खेले जाएंगे। हंसता-खेलता पंजाब, रंगला पंजाब।”

इस लीग को “पंजाब का अपना आईपीएल” करार देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “आज यहां पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ हुई बैठक के दौरान तय हुआ कि इस लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें होंगी। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ‘फाजिल्का फाल्कन्स’ का प्रतिनिधित्व करेंगे, अर्शदीप सिंह ‘लुधियाना लायंस’ के लिए, अभिषेक शर्मा ‘अमृतसर सूरमाज’ के लिए, प्रभसिमरन सिंह ‘जालंधर वॉरियर्स’ के लिए, रमनदीप सिंह ‘मोहाली किंग्स’ के लिए और गुरनूर बराड़ ‘बठिंडा रॉयल्स’ के लिए खेलेंगे। देश का नाम रोशन करने वाले ये खिलाड़ी टूर्नामेंट की शान बढ़ाएंगे। यह लीग 30 अगस्त से 13 सितंबर तक आयोजित की जाएगी, जिसके सभी मैच मोहाली के पीसीए क्रिकेट स्टेडियम में होंगे।”

खिलाड़ियों का एक पूल तैयार

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया, “इस उद्देश्य के लिए पंजाब के 450 से अधिक खिलाड़ियों का एक पूल तैयार किया गया है, जो 9 अगस्त को होने वाली नीलामी में हिस्सा लेंगे। इन खिलाड़ियों में अनमोलप्रीत सिंह, मयंक मारकंडे, नमन धीर, विहान मल्होत्रा, इमानजोत सिंह चहल, अश्वनी कुमार और कृष भगत जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। यह लीग राउंड-रॉबिन आधार पर खेली जाएगी, जिसमें प्रत्येक टीम आठ लीग मैच खेलेगी।”

उन्होंने कहा, “यह लीग पंजाब के युवा खिलाड़ियों को एक बड़े मंच पर खेलने का महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान करेगी और उन्हें स्थापित खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका अनुभव बढ़ेगा। पंजाब में नशे के कोढ़ को खत्म करने के लिए व्यापक मुहिम शुरू की गई है और खेल इस जंग में सबसे बड़ा हथियार हैं।”

हर वर्ष सफलतापूर्वक आयोजित

मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया, “राज्यभर में ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के तहत खेल प्रतियोगिताएं हर वर्ष सफलतापूर्वक आयोजित की जा रही हैं। इसी तरह राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 3,100 से अधिक खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। पंजाब अक्टूबर-नवंबर में पहली बार ‘हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी’ की मेजबानी करेगा और अब राज्य की अपनी क्रिकेट लीग भी शुरू होने जा रही है।”

इस अवसर पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान अमरजीत मेहता, सचिव एवं सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर और उप प्रधान दीपक बाली ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को सम्मान स्वरूप लीग के लोगो वाली टी-शर्ट भेंट की।

इस अवसर पर भारतीय टीम के खिलाड़ियों अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह ने भी मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को सम्मान स्वरूप क्रिकेट बैट और गेंद भेंट की।