Tuesday, 10 November 2026
देश
Sonia Gandhi Memoir: सोनिया गांधी क्यों नहीं बन सकी प्रधानमंत्री? 2004 में PM बनते-बनते क्यों रह गईं सोनिया? रातोंरात क्यों बदल गया फैसला; आत्मकथा में किए बड़े खुलासे
डेली संवाद, नई दिल्ली। Sonia Gandhi Autobiography: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने अपनी आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' में 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के फैसले को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं।
उन्होंने बताया कि शुरुआत से ही वह प्रधानमंत्री बनने के पक्ष में नहीं थीं, लेकिन गठबंधन सहयोगियों के भारी दबाव के चलते एक समय उन्होंने धीमी आवाज में 'ठीक है' कह दिया था। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने फैसले पर दोबारा विचार किया और प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया।
सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की आत्मकथा मंगलवार को बाजार में आई है। इस किताब में उन्होंने पहली बार विस्तार से बताया है कि आखिर किन परिस्थितियों में उन्होंने देश का प्रधानमंत्री बनने का मौका छोड़ दिया था और इस फैसले के पीछे उनके परिवार की क्या भूमिका थी।
राहुल और प्रियंका नहीं चाहते थे मां बनें प्रधानमंत्री
सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) के मुताबिक, उनके बच्चे राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) नहीं चाहते थे कि उनकी मां प्रधानमंत्री (PM) बनें। इसकी सबसे बड़ी वजह परिवार का पुराना दर्दनाक इतिहास था।
दोनों ने अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी (Indira Gandhi) की हत्या तथा पिता राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) की बम धमाके में हुई मौत का गहरा सदमा झेला था। ऐसे में उन्हें डर था कि प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी मां की सुरक्षा को भी गंभीर खतरा हो सकता है।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
किताब के अनुसार, 2004 के आम चुनाव से कुछ महीने पहले जब राहुल और प्रियंका ने सोनिया गांधी से पूछा था कि अगर कांग्रेस चुनाव जीतती है तो क्या वह प्रधानमंत्री बनेंगी, तो उन्होंने तुरंत जवाब दिया था- 'बिल्कुल नहीं।' उनके इस जवाब से दोनों बच्चों ने राहत की सांस ली थी।
सोनिया गांधी ने कह दिया था 'ठीक है'
2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत के बाद सोनिया गांधी पर प्रधानमंत्री पद संभालने का दबाव बढ़ने लगा।
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में बताया कि 10 जनपथ स्थित राजीव गांधी के कॉन्फ्रेंस रूम में गठबंधन के नेताओं के साथ हुई बैठक में सभी नेता उन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिए मनाने लगे।
जब उन्होंने पद स्वीकार करने से इनकार किया तो कमरे में मौजूद नेता अपनी जगह से उठकर उनकी ओर बढ़ने लगे। नेताओं ने कहा कि वे उनका इनकार स्वीकार नहीं करेंगे और उन्हें प्रधानमंत्री बनना ही होगा।
इस माहौल में सोनिया गांधी ने बेहद धीमी आवाज में लगभग न सुनाई देने वाले अंदाज में 'ठीक है' कह दिया। इसके बाद वहां मौजूद नेताओं ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया।
राहुल गांधी ने जताई नाराजगी
सोनिया गांधी के मुताबिक, प्रियंका गांधी उस समय कमरे के बाहर थीं। जैसे ही उन्हें पता चला कि उनकी मां ने प्रधानमंत्री बनने के लिए सहमति दे दी है, वह रोते हुए राहुल गांधी के पास पहुंचीं।
इसके बाद राहुल गांधी अपनी मां के पास आए और नाराजगी जताते हुए पूछा कि उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के लिए हां कैसे कह दी?
सोनिया गांधी ने जवाब दिया कि नेता उनकी बात सुन ही नहीं रहे थे और उन पर काफी दबाव बनाया जा रहा था।
इस पर राहुल गांधी ने कहा कि अगर उनकी मां पर दबाव है तो परिवार पर पड़ने वाले खतरे के बारे में भी सोचना चाहिए।
वहीं, प्रियंका गांधी ने अपनी मां से कहा कि वह अपने पहले फैसले पर कायम रहें और किसी के दबाव में न आएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह और राहुल हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे।
रातभर सोचने के बाद बदला फैसला
सोनिया गांधी ने लिखा कि उस रात वह काफी देर तक अपने कमरे में लेटी रहीं और इस फैसले को लेकर अंदरूनी संघर्ष से गुजरती रहीं।
एक तरफ देश का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उम्मीदें थीं, तो दूसरी तरफ परिवार की सुरक्षा और बच्चों की भावनाएं थीं।
काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने खुद से कहा कि उन्हें अपने फैसले के प्रति ईमानदार रहना चाहिए और प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करना चाहिए।
अगली सुबह वह राहुल गांधी के कमरे में गईं और उन्हें बताया कि उन्होंने अपना अंतिम फैसला कर लिया है। वह प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। राहुल गांधी ने अपनी मां को गले लगाकर इस फैसले को सही बताया।
डॉ. मनमोहन सिंह को क्यों चुना?
इसके बाद कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने सांसदों से अपने उत्तराधिकारी का नाम तय करने की अनुमति मांगी।
सोनिया गांधी ने इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा। उनके नाम की घोषणा होते ही संसद में मौजूद सांसदों ने तालियों से उनका स्वागत किया।
सोनिया गांधी ने आत्मकथा में उस पल का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि जब मनमोहन सिंह के नाम पर पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा और उनके बच्चे भी तालियां बजा रहे थे, तब उन्होंने अपने कागजात समेटे और मंच से नीचे उतर गईं।
इस तरह 2004 में प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिलने के बावजूद सोनिया गांधी ने यह जिम्मेदारी डॉ. मनमोहन सिंह को सौंप दी।
सोनिया गांधी की आत्मकथा में सामने आए इन खुलासों ने 2004 की भारतीय राजनीति के उस ऐतिहासिक घटनाक्रम को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।