ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Thursday, 26 November 2026

Punjab News: सुखबीर बादल पहुंचे जालंधर, पूर्व विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़ के घर में बोले- मैंने इनके साथ 'धक्का' किया

Punjab News: सुखबीर बादल पहुंचे जालंधर, पूर्व विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़ के घर में बोले- मैंने इनके साथ 'धक्का' किया

डेली संवाद, जालंधर। Punjab News: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गुरुवार को जालंधर में भाजपा नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अकाली दल में सरबजीत सिंह मक्कड़ के धक्का हुआ।

वह भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक सर्बजीत सिंह मक्कड़ के घर पहुंचे। मक्कड़ इससे पहले अकाली दल के नेता थे और विधायक भी रह चुके हैं। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सुखबीर बादल की इस मुलाकात को पंजाब में अकाली दल और भाजपा के बीच नए गठबंधन के बाद राजनीतिक संपर्क बढ़ाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

सुखबीर बादल बोले- यह जनता का गठबंधन है

भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद सुखबीर सिंह बादल ने अकाली-BJP गठबंधन को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यह केवल दो राजनीतिक दलों का गठबंधन नहीं, बल्कि पंजाब की जनता का गठबंधन है। उन्होंने इसे प्रदेश के लोगों और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं की अरदास का परिणाम बताया।

सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब में इस समय खुशी का माहौल है और लोगों की भावनाओं के अनुरूप दोनों दल एक साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन विरोधी ताकतों के खिलाफ मिलकर काम करने के उद्देश्य से किया गया है।

अमृतसर के कार्यक्रम के बाद पहुंचे जालंधर

सुखबीर बादल ने बताया कि उनका बीते दिन अमृतसर में कार्यक्रम था। इसके बाद वह रात में जालंधर पहुंचे और यहां पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं तथा भाजपा की वरिष्ठ लीडरशिप से मुलाकात की।

उन्होंने कहा कि दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद जरूरी है। इसी उद्देश्य से वह लगातार अलग-अलग नेताओं के घर जाकर उनसे मिल रहे हैं और आगामी राजनीतिक रणनीति पर बातचीत कर रहे हैं।

2027 विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ी सियासी गतिविधियां

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन की चर्चा के बाद दोनों दलों के नेताओं की मुलाकातें भी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

सुखबीर बादल की जालंधर यात्रा के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है। हालांकि, गठबंधन की चुनावी रणनीति, सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों को लेकर अभी किसी अंतिम फैसले की जानकारी सामने नहीं आई है।

विरोधी ताकतों के खिलाफ मिलकर लड़ने की बात

सुखबीर बादल ने कहा कि उनका गठबंधन विरोधी ताकतों के खिलाफ है। उन्होंने पंजाब की जनता की उम्मीदों और भावनाओं को इस राजनीतिक एकजुटता का आधार बताया।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सुखबीर बादल की जालंधर में भाजपा नेताओं से मुलाकात को अकाली-BJP के बीच बढ़ते राजनीतिक संपर्क के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में दोनों दलों की गतिविधियों और चुनावी रणनीति पर सभी की नजर रहेगी।