Thursday, 06 August 2026
पंजाब
Accident News: पंजाब में भयानक सड़क हादसा, तेज रफ्तार SUV पेड़ से टकराई, दो युवकों की मौत
डेली संवाद, कपूरथला। Accident News: पंजाब में भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। खबर है कि तेज रफ्तार महिंद्रा एक्सयूवी500 भयानक हादसे का शिकार हो गई है जिसमें दो युवकों की मौत और एक महिला घायल हो गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक सुल्तानपुर लोधी-तलवंडी चौधरियां मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा गांव सवाल के पास एक निजी स्कूल के बाहर हुआ।
चालक का वाहन से नियंत्रण ह़टा
महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार (नंबर PB10DT2835) सुल्तानपुर लोधी से तलवंडी चौधरियां की ओर जा रही थी। रात करीब 12 बजे गांव सवाल के नजदीक पहुंचते ही चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया।
तेज रफ्तार कार पहले सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसके बाद वाहन बेकाबू होकर निजी स्कूल की लोहे की ग्रिल से भिड़ गया और फिर कुछ दूरी पर जाकर एक अन्य पेड़ से टकरा गया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके कई हिस्से सड़क पर दूर तक बिखर गए।
हादसे में दो युवकों की मौत
हादसे में गांव बिधीपुर निवासी राहुल गिल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तलवंडी बूटा निवासी 17 वर्षीय लभ्भी को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
हादसे में राहुल गिल की पत्नी अंजना रानी भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक राहुल गिल के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।