ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 27 November 2026

ताजमहल में बंदरों के झुंड से मचा हड़कंप, अखिलेश यादव ने BJP सरकार पर साधा निशाना

ताजमहल में बंदरों के झुंड से मचा हड़कंप, अखिलेश यादव ने BJP सरकार पर साधा निशाना

आगरा: दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल में बंदरों के झुंड का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए पर्यटन और अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि भाजपा राज में दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल की दुर्गति देखकर चिंता होती है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि ताजमहल का पर्यटन प्रभावित हुआ तो एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का सपना कहीं एक बिलियन तक न सिमट जाए।

दरअसल, गुरुवार को ताजमहल परिसर में बंदरों के झुंड के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। वीडियो में दर्जनों बंदर ताजमहल के गार्डन और पर्यटकों के आने-जाने वाले रास्तों पर दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में मुख्य मकबरे की ओर जाने वाले रास्ते पर रेलिंग के पास भी कई बंदर बैठे नजर आए।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों के अनुसार, ताजमहल और उसके आसपास बंदरों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। जुलाई से अक्टूबर के बीच आधा दर्जन से अधिक पर्यटकों को बंदरों द्वारा काटे जाने के मामले भी सामने आए थे।

वहीं, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. स्मिता एस. कुमार के मुताबिक, 30 सेकेंड का एक वीडियो पुराना है, जबकि दूसरे वीडियो की जांच कराई जाएगी।

अब सवाल यह है कि विश्व प्रसिद्ध ताजमहल में पर्यटकों की सुरक्षा और बंदरों की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन कब ठोस कदम उठाएगा?