Wednesday, 05 August 2026
पंजाब
Bomb Threat: पंजाब में एक बार फिर स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
डेली संवाद, गुरदासपुर। Bomb Threat: पंजाब में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है जिसके बाद हड़कंप मच गया है। स्कूल प्रबंधकों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब के जिला गुरदासपुर के दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं।
स्कूलों में सुरक्षा बढ़ाई
दरअसल एसएसपी आवास के पास स्थित लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल और बहरामपुर रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल को धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। ईमेल मिलने के बाद दोनों स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस को बुलाया गया।
पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके अलावा डॉग स्क्वॉड की मदद से स्कूल परिसर की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों स्कूलों के कमरों और आसपास के क्षेत्रों की तलाशी ली, लेकिन अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
ईमेल की जांच की जा रही
इसके बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, धमकी भेजने वाले की पहचान करने के लिए ईमेल की जांच की जा रही है।