ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 30 October 2026

Uttarakhand Helicopter Crash: उत्तराखंड में बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा, बद्रीनाथ-जोशीमठ के बीच प्राइवेट हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार; रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

Uttarakhand Helicopter Crash: उत्तराखंड में बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा, बद्रीनाथ-जोशीमठ के बीच प्राइवेट हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार; रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

डेली संवाद, जोशीमठ/देहरादून। Uttarakhand Helicopter Crash: उत्तराखंड में शुक्रवार को बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा हो गया। बद्रीनाथ से देहरादून आ रहा एक प्राइवेट कंपनी का हेलिकॉप्टर जोशीमठ और बद्रीनाथ के बीच क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे। हादसे की पुष्टि सेना और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की है।

जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक हेलिकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। SDRF की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

पहाड़ी पर चढ़ रही SDRF की रेस्क्यू टीम

हादसे के बाद SDRF की टीम पहाड़ी पर चढ़कर घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। डीएसपी मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें: मैरिटन होटल को अवैध बताकर खाली करवाने वाले नगर निगम के अफसर हुए 'लाचार'

वहीं, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी के मुताबिक, जेपी डैम के ऊपर जंगल में सफेद रंग की किसी चीज में आग लगने की सूचना मिली थी। इसकी जांच के लिए दूसरे हेलिकॉप्टर भी भेजे गए।

पहाड़ी क्षेत्र और खराब मौसम के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौतियां आ रही हैं।

ट्रांस भारत एविएशन का था हेलिकॉप्टर, 6 लोग थे सवार

हादसे का शिकार हुआ हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का बताया जा रहा है। इसमें पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा 5 यात्री सवार थे।

सवार लोगों के नाम इस प्रकार बताए गए हैं:

- कैप्टन हिमांशु (पायलट)

- प्रतापा

- अरुण

- शंकर गौड़ा

- सुधीर के.

- एचएस नटराज

हादसे के बाद एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलिकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है।

खराब मौसम के बीच हुआ हादसा

उत्तराखंड के कई इलाकों में इन दिनों मौसम खराब बना हुआ है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो रही है।

पहाड़ी इलाकों में बदलते मौसम, कम दृश्यता और तेज हवाओं के बीच हेलिकॉप्टर उड़ानों को लेकर पहले से चुनौतियां बनी हुई हैं। हालांकि, इस हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

उत्तराखंड में 5 साल में 7 हेलिकॉप्टर क्रैश, 21 लोगों की मौत

हेलिकॉप्टर हादसों को लेकर केंद्र सरकार की ओर से दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, उत्तराखंड में वर्ष 2020 से जुलाई 2025 तक 7 हेलिकॉप्टर क्रैश हुए थे। इन हादसों में कुल 21 लोगों की जान गई थी।

वहीं, 2023 से 2025 के बीच राज्य में 6 हेलिकॉप्टर हादसे दर्ज किए गए थे। राज्य में अब तक कितने हेलिकॉप्टर लापता हुए, इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।

फिलहाल सभी की नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन और हादसे की जांच पर टिकी हैं। हेलिकॉप्टर में सवार सभी 6 लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।