Sunday, 20 September 2026
खेल
Asian Games 2026: एशियन गेम्स में उतरने से पहले बेहोश हुए मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी, क्वार्टर फाइनल से बाहर
डेली संवाद, नई दिल्ली। Asian Games 2026: भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) खिलाड़ी वरुण सान्याल का एशियन गेम्स 2026 अभियान मुकाबला खेले बिना ही खत्म हो गया। पुरुषों की ट्रेडिशनल MMA 77 किलोग्राम कैटेगरी में हिस्सा ले रहे वरुण को वजन कम करने की कोशिश के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद मेडिकल तौर पर अनफिट घोषित कर दिया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, मुकाबले से पहले वजन कम करने के लिए वरुण ने खाने और पानी का सेवन कम किया था। इसके बाद उन्होंने सौना का इस्तेमाल किया, जहां उन्हें चक्कर, मांसपेशियों में ऐंठन और कमजोरी महसूस हुई और वह बेहोश हो गए। मेडिकल जांच के बाद उन्हें प्रतियोगिता में उतरने की अनुमति नहीं मिली।
सौना में बिगड़ी तबीयत, नेपाली खिलाड़ी ने की मदद
जानकारी के मुताबिक वरुण शनिवार रात नागोया में अपने क्रूज आवास के सौना में थे। वजन कम करने की प्रक्रिया के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। एक नेपाली खिलाड़ी ने उन्हें बेहोशी की हालत में देखा और मदद की, जिसके बाद वरुण को मेडिकल टीम तक पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें: जालंधर कैंट हलके में कट गई अवैध कालोनी, डिप्टी मेयर बोले- कालोनाइजर पर FIR दर्ज होगी
उन्हें अस्पताल ले जाकर जांच की गई। बाद में उनकी हालत स्थिर बताई गई और उन्हें वापस आवास पर लाया गया। मेडिकल रिपोर्ट में डिहाइड्रेशन और मांसपेशियों में ऐंठन का उल्लेख किया गया है।
सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए थे वरुण
वरुण को प्रीलिमिनरी राउंड में बाई मिली थी, जिसके कारण वह सीधे पुरुषों की 77 किलो कैटेगरी के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे। उनका मुकाबला बहरीन के मुखम्मद नबीयेव से होना था, लेकिन मेडिकल अनफिट घोषित होने के कारण वह रिंग में नहीं उतर सके। इस तरह वरुण का एशियन गेम्स डेब्यू शुरू होने से पहले ही समाप्त हो गया।
नागोया पहुंचने के बाद भी आई थीं मुश्किलें
एशियन गेम्स के लिए नागोया पहुंचने के बाद वरुण को आवास से जुड़ी परेशानियों का भी सामना करना पड़ा था। रिपोर्टों के मुताबिक, एक्रेडिटेशन से जुड़ी समस्या के कारण उन्हें अपना कमरा मिलने में 10 घंटे से ज्यादा समय लगा।
वरुण ने अपनी यात्रा के दौरान सामने आई परेशानियों के बारे में भी बात की थी। उन्होंने बताया था कि कमरे तक पहुंचने में हुई देरी के कारण उन्हें आराम और रिकवरी के लिए कम समय मिला।
कौन हैं वरुण सान्याल?
वरुण सान्याल भारतीय MMA खिलाड़ी हैं और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल के बेटे हैं। वह भारत और लंदन में ट्रेनिंग करते हैं। 2026 एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था, जिसके बाद उन्हें एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।
एशियन गेम्स 2026 में MMA पहली बार शामिल किया गया है। भारत की दूसरी MMA खिलाड़ी सुचिका तारियाल ने महिलाओं की 60 किलो कैटेगरी के सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक सुनिश्चित किया है।
MMA क्या है?
Mixed Martial Arts (MMA) एक कॉम्बैट स्पोर्ट है, जिसमें बॉक्सिंग, किकबॉक्सिंग, कुश्ती, जूडो और ब्राजीलियन जिउ-जित्सु जैसी अलग-अलग मार्शल आर्ट्स की तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है।