Wednesday, 26 August 2026
देश
Weather News: उत्तर भारत में मानसून का कहर- यूपी में 84 घाट डूबे, बिहार में गंगा उफान पर; पंजाब-उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट
डेली संवाद, चंडीगढ़/नई दिल्ली/लखनऊ/पटना। Weather News: उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसूनी बारिश का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। उत्तर प्रदेश में गंगा का जलस्तर बढ़ने से वाराणसी के 84 घाट पानी में डूब गए हैं, जबकि घाट किनारे करीब 5 हजार दुकानों को बंद करना पड़ा है।
उधर, बिहार में भी गंगा नदी उफान पर है और बेगूसराय में नदी खतरे के निशान से 83 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। वहीं पंजाब, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ा
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के बीच वाराणसी में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसके चलते 84 घाट जलमग्न हो गए हैं।
घाटों के आसपास पानी पहुंचने से करीब 5 हजार दुकानों को बंद करना पड़ा है। प्रशासन और स्थानीय लोगों की नजर लगातार गंगा के जलस्तर पर बनी हुई है।
बिहार में गंगा खतरे के निशान से ऊपर
बिहार के बेगूसराय में गंगा उफान पर है। नदी खतरे के निशान से करीब 83 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। बाढ़ के पानी से 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। नेपाल के तराई क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण बिहार की कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है।
पटना में बुधवार सुबह बारिश हुई और आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। कुल 21 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश में फिर एक्टिव होगा मानसून
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों के बाद अब उत्तरी, पश्चिमी और मध्य भागों में मानसून सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान भोपाल, उज्जैन, सागर, ग्वालियर और चंबल संभाग के 21 जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है।
हिमाचल में कमजोर पड़ा मानसून
हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मानसून कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ऊपर न तो मानसून ट्रफ सक्रिय है और न ही वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव है। इसके चलते अगले 72 घंटे में अधिकांश क्षेत्रों में बारिश के आसार कम हैं। इस दौरान कई इलाकों में मौसम साफ या हल्के बादल छाए रहने की संभावना है।
IMD के मुताबिक मानसून ट्रफ जम्मू, देहरादून और वाराणसी होते हुए झारखंड के ऊपर बने कम दबाव वाले क्षेत्र तक पहुंच रही है। यही वजह है कि हिमाचल में बारिश के लिए मौसम संबंधी परिस्थितियां फिलहाल अनुकूल नहीं हैं।
मानसून ट्रफ कम वायुदाब की एक लंबी काल्पनिक पट्टी होती है, जो भारत में मानसूनी बारिश का प्रमुख मार्ग तय करती है। इसके सक्रिय रहने वाले क्षेत्रों में सामान्यतः अच्छी बारिश होती है।
पंजाब के 9 जिलों में बारिश का अलर्ट
पंजाब में आज 9 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक पंजाब में अधिकतम तापमान मंगलवार के मुकाबले लगभग स्थिर रहा, लेकिन यह सामान्य से करीब 1.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
बठिंडा 38 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तराखंड में बारिश और बिजली का अलर्ट
उत्तराखंड के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अति तेज बारिश के दौर की संभावना भी जताई गई है। प्रदेश के 9 जिलों में 78 सड़कें अभी बंद हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले करीब एक सप्ताह तक राज्य में अधिकांश समय मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।