ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Friday, 28 August 2026

Weather Update: हिमाचल में 70 सड़कें बंद, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से हड़कंप, बिहार के 20 जिलों में अलर्ट, 50 हजार से ज्यादा घर डूबे

Weather Update: हिमाचल में 70 सड़कें बंद, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से हड़कंप, बिहार के 20 जिलों में अलर्ट, 50 हजार से ज्यादा घर डूबे

डेली संवाद, चंडीगढ़। Weather Update: देश के कई राज्यों में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। बिहार (Bihar) के खगड़िया और चंपारण समेत करीब 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 1 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

वहीं, नेपाल (Nepal) में आई भीषण बाढ़ (Flood) का असर बिहार के सीमावर्ती इलाकों पर भी पड़ रहा है। राज्य के 8 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। गंगा और गंडक नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि कोसी और बागमती नदियां भी उफान पर हैं।

बिहार में 50 हजार से ज्यादा घर पानी में डूबे

बाढ़ की स्थिति के कारण बिहार के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। जानकारी के मुताबिक, 50 हजार से ज्यादा घर पानी में डूबे हुए हैं। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।

उत्तराखंड के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में भी मौसम खराब बना हुआ है। राज्य के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार को चमोली जिले में लैंडस्लाइड के कारण बद्रीनाथ हाईवे कुछ समय के लिए बाधित हो गया। हालांकि, प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सड़क मार्ग को सुचारू रखने के लिए लगातार काम कर रही हैं।

हिमाचल प्रदेश में फिर भारी बारिश की संभावना

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 31 अगस्त से 2 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

राज्य में पहले से हुई भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण हालात प्रभावित हैं। जानकारी के अनुसार, 70 सड़कें बंद हैं, जिससे कई क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हो रही है।

प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बदल रहे मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासतौर पर नदी किनारे और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।