Thursday, 13 August 2026
देश
Weather Update: पंजाब समेत 15 राज्यों में अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से तबाही, हिमाचल में 200 सड़कें बंद
डेली संवाद, नई दिल्ली। Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत मौसम सिस्टम के असर से देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बुधवार को 20 राज्यों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले चार दिनों तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत 15 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
लगातार हो रही बारिश से कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात, सड़कें बंद होने और लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
वाराणसी में गंगा उफान पर, घाटों तक पहुंचा पानी
हरिश्चंद्र घाट का शवदाह स्थल पानी में डूब गया है, जिसके चलते अंतिम संस्कार घाट की ऊपरी सीढ़ियों पर कराया जा रहा है। परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए 2 से 3 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं उन्नाव में जलभराव के कारण सड़क पर नाव चलानी पड़ी।

राजस्थान में मूसलाधार बारिश, बस पलटी
राजस्थान के जयपुर सहित पांच से अधिक जिलों में तेज बारिश हुई। राजधानी जयपुर में चार घंटे से अधिक समय तक हुई बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। पानी से भरे गड्ढे में बस पलटने की घटना भी सामने आई। कई स्थानों पर पेड़ गिरने और सड़कों पर पानी भरने से घंटों ट्रैफिक जाम लगा रहा।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, 10 किलोमीटर लंबा जाम
उत्तराखंड के देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानी वाला बैंड के पास पहाड़ से भारी मलबा सड़क पर आ गिरा। इसके चलते दोनों ओर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। राज्य में 9 जिलों की 67 सड़कें फिलहाल बंद हैं और प्रशासन राहत कार्य में जुटा है।

हिमाचल प्रदेश में 200 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में बारिश के चलते हालात अभी भी सामान्य नहीं हुए हैं। स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के अनुसार राज्य में 200 से अधिक सड़कें बंद हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित मंडी (64 सड़कें), कुल्लू (60), शिमला (32) और चंबा (24) जिले हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश में लगातार चौथे दि
न बारिश
मध्य प्रदेश के कई जिलों में लगातार चौथे दिन भी भारी बारिश जारी रही। कई नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।