ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Wednesday, 02 September 2026

Weather Update: उत्तराखंड से बिहार तक बारिश और बाढ़ का कहर, कई राज्यों में मौतें, सड़कें बंद और स्कूलों की छुट्टी

Weather Update: उत्तराखंड से बिहार तक बारिश और बाढ़ का कहर, कई राज्यों में मौतें, सड़कें बंद और स्कूलों की छुट्टी

डेली संवाद, नई दिल्ली। Weather Update: देश के कई राज्यों में मानसून का कहर लगातार जारी है। उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई।

नैनीताल में नैनी झील का जलस्तर 88 फीट पार होने के बाद पानी की निकासी के लिए चैनल खोल दिए गए हैं। भारी बारिश के कारण राज्य में 172 सड़कें बंद हैं, जिससे कई इलाकों का संपर्क प्रभावित हुआ है।

मौसम विभाग ने नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए पांच जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं।

Bihar Flood: गंगा समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर

उधर, बिहार में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ रहा है। गंगा, पुनपुन समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राजधानी पटना में बुधवार सुबह से बारिश जारी है। मंगलवार को हुई तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।

भागलपुर में कटाव के कारण 100 साल पुराना दुर्गा मंदिर गंगा नदी में समा गया। वहीं, जहानाबाद में जाफरगंज पुल के पास दरधा नदी का पानी करीब 2 फीट ऊपर से बह रहा है।

Uttar Pradesh Rain: सीतापुर में दीवार गिरने से दो की मौत

उत्तर प्रदेश में भी बारिश और बाढ़ का असर देखने को मिल रहा है। सीतापुर में भारी बारिश के कारण दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। गाजीपुर में गंगा नदी में नहाते समय दो नाबालिग बह गईं।

वहीं, उन्नाव में बारिश के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पर करीब 7 फीट गहरा गड्ढा हो गया। बताया जा रहा है कि इस मानसून में गंगा एक्सप्रेसवे धंसने की यह दूसरी घटना है। बलिया में बाढ़ से करीब 20 हजार लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं।

Madhya Pradesh Weather: मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर

मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भी स्ट्रॉन्ग मानसूनी सिस्टम सक्रिय है। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में लगातार भारी बारिश हो रही है।

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। रामघाट क्षेत्र में बाढ़ के कारण करीब 400 दुकानें और 20 से 25 होटल जलमग्न हो गए हैं।

वहीं, सतना प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए 2 और 3 सितंबर को स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कई इलाकों में जलभराव, सड़क बंद होने और नदियों के उफान पर होने से लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।