Sunday, 29 November 2026
देश
WhatsApp Security Alert: WhatsApp यूजर्स के लिए बड़ी चेतावनी! CERT-In ने जारी किया हाई-रिस्क अलर्ट, हैकर्स कर सकते हैं फोन पर हमला, जाने इसके बचाव
डेली संवाद, नई दिल्ली। WhatsApp Security Alert: WhatsApp का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने हाई-रिस्क अलर्ट जारी किया है। एजेंसी ने WhatsApp और WhatsApp Business के Android, iOS और Mac Desktop वर्जन में कई गंभीर सुरक्षा खामियों की पहचान की है। इन खामियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी यूजर्स के डिवाइस में खतरनाक कोड चला सकते हैं और उनकी संवेदनशील जानकारी तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं।
CERT-In की ओर से 26 नवंबर को जारी एडवाइजरी CIVN-2026-0576 में इन सुरक्षा खामियों को हाई-रिस्क कैटेगरी में रखा गया है। एजेंसी ने मोबाइल और डेस्कटॉप पर WhatsApp इस्तेमाल करने वाले व्यक्तिगत यूजर्स के साथ-साथ संस्थानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है।
WhatsApp में मिलीं 3 गंभीर सुरक्षा खामियां
CERT-In के मुताबिक, WhatsApp के अलग-अलग वर्जन में SQL Injection, गलत सर्टिफिकेट चेन वैलिडेशन और बाहरी एड-रिप्लाई URL के अधूरे वैलिडेशन से जुड़ी तीन प्रमुख खामियां सामने आई हैं।
यह भी पढ़ें: फगवाड़ा-चंडीगढ़ हाईवे पर North Wood प्रोजैक्ट के खिलाफ विजीलैंस ब्यूरो में शिकायत
इनका फायदा उठाकर रिमोट अटैकर खास तरीके से तैयार किए गए मैसेज या URL के जरिए यूजर्स को निशाना बना सकते हैं। सफल साइबर हमले की स्थिति में संवेदनशील जानकारी चोरी होने, एप्लिकेशन डेटा में बदलाव करने और सुरक्षा प्रतिबंधों को बायपास करने का खतरा हो सकता है।
इन WhatsApp वर्जन पर मंडरा रहा खतरा
CERT-In की एडवाइजरी के अनुसार, निम्नलिखित वर्जन प्रभावित हैं:
WhatsApp for Android: 2.26.35.74 और 2.26.17.4 से पुराने वर्जन।
WhatsApp Business for Android: 2.26.23.70 और 2.26.17.4 से पुराने वर्जन।
WhatsApp for iOS: 2.26.24.72 से पुराने वर्जन।
WhatsApp Business for iOS: 2.26.23.72 से पुराने वर्जन।
WhatsApp for Mac Desktop: 2.26.23.72 से पुराने वर्जन।
मैसेज पर क्लिक करने से भी हो सकता है नुकसान
रिपोर्ट के मुताबिक, पहली खामी CVE-2026-102769 Android के कुछ पुराने WhatsApp वर्जन में SQL Injection से संबंधित है। इसके जरिए खास तरीके से तैयार किए गए 'Order Details' मैसेज पर क्लिक करने से फोन में स्थानीय रूप से स्टोर WhatsApp फाइलों को नुकसान पहुंच सकता था। कुछ परिस्थितियों में चैट डेटाबेस से जुड़ी सीमित जानकारी भी उजागर होने का खतरा था।
दूसरी खामी CVE-2026-44908 Meta AI के Confidential Computing Backend में इस्तेमाल होने वाले Remote Attestation Verifier से जुड़ी है। गलत सर्टिफिकेट वैलिडेशन के कारण हार्डवेयर की सुरक्षा व्यवस्था को बायपास करने का जोखिम सामने आया।
वहीं, तीसरी खामी CVE-2026-23871 बाहरी विज्ञापन रिप्लाई URL के अधूरे वैलिडेशन से संबंधित है। इसके जरिए खास तौर पर तैयार किए गए 'Click to WhatsApp' मैसेज में भेजे गए मीडिया लिंक के माध्यम से यूजर का IP एड्रेस उजागर हो सकता था।
WhatsApp यूजर्स तुरंत करें ये काम
CERT-In और WhatsApp ने सुरक्षा जोखिमों से बचने के लिए यूजर्स को अपने एप्लिकेशन अपडेट करने की सलाह दी है।
यूजर्स को Google Play Store या Apple App Store पर जाकर WhatsApp और WhatsApp Business का लेटेस्ट उपलब्ध वर्जन इंस्टॉल करना चाहिए। Mac Desktop इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को भी नया अपडेट इंस्टॉल करना चाहिए।
इसके अलावा अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध लिंक और मैसेज पर क्लिक करने से बचें। किसी भी संदिग्ध URL या मीडिया फाइल को खोलने से पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांच लें।
अगर आप भी WhatsApp इस्तेमाल करते हैं तो अपने फोन में तुरंत अपडेट चेक करें। छोटी सी लापरवाही आपकी निजी जानकारी को साइबर अपराधियों के खतरे में डाल सकती है।