ePaper Reading mode

Daily Samvad ePaper

Saturday, 22 August 2026

Punjab News: विदेश जाने की चाह में शादी, फिर निगला जहर, 7 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद; जाने पूरा मामला

Punjab News: विदेश जाने की चाह में शादी, फिर निगला जहर, 7 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद; जाने पूरा मामला

डेली संवाद, मोहाली। Punjab News: चंडीगढ़ (Chandigarh) से सटे जीरकपुर में एक दंपती द्वारा कथित तौर पर सल्फास खाकर आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना में पत्नी गगनदीप कौर की मौत हो गई, जबकि पति हाकम सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस को मौके से 7 पेज का कथित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें विदेश भेजने के नाम पर 36 लाख रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

विदेश भेजने के नाम पर 36 लाख लेने का आरोप

पुलिस के अनुसार, हाकम सिंह और गगनदीप कौर विदेश जाने की योजना बना रहे थे। सुसाइड नोट में आरोप लगाया गया है कि दंपती ने एक ऐसे एजेंट पर भरोसा किया, जो उनके स्कूल का पुराना सहपाठी था।

आरोप है कि एजेंट ने विदेश भेजने का झांसा देकर दोनों से 18-18 लाख रुपये, यानी कुल 36 लाख रुपये लिए। इसके बावजूद उन्हें विदेश नहीं भेजा गया और कथित तौर पर रकम भी वापस नहीं की गई।

जाली वीजा और ब्लैकमेलिंग के आरोप

कथित सुसाइड नोट में एजेंट पर जाली वीजा देने, पासपोर्ट अपने पास रखने और बाद में ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। नोट में यह भी दावा किया गया है कि दंपती को अलग-अलग देशों में भेजने के नाम पर लंबे समय तक टालमटोल की जाती रही। हाकम सिंह ने कथित तौर पर आरोप लगाया है कि एजेंट ने इटली का वर्क वीजा आने की बात कही और फोन पर दस्तावेज दिखाया।

बाद में उसे कथित तौर पर पता चला कि वीजा फर्जी था। नोट में यह भी दावा किया गया है कि एजेंट से मिलने के दौरान उसके साथ आए कुछ लोगों ने हाकम सिंह के साथ मारपीट की और उसका आईफोन भी छीन लिया। इन सभी आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

Couple in Chandigarh attempted suicide.jpg

शादी के बाद विदेश जाने की बनाई योजना, PG में रह रहा था दंपती

कथित सुसाइड नोट के मुताबिक, विदेश जाने के लिए दंपती ने शादी की थी। एजेंट ने कथित तौर पर कहा था कि पहले पत्नी को स्टडी वीजा पर विदेश भेजा जाएगा और बाद में पति की फाइल लगाई जाएगी। जब कथित तौर पर यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी तो एजेंट ने जॉर्जिया और बाद में इटली भेजने की बात कही। परिवार के अनुसार, लंबे समय तक विदेश जाने का रास्ता नहीं बना और पैसे भी वापस नहीं मिले।

हाकम सिंह और गगनदीप कौर बरनाला जिले के रहने वाले बताए गए हैं। दोनों पिछले कुछ समय से जीरकपुर के एक PG में रह रहे थे। कथित तौर पर पैसे वापस नहीं मिलने और लगातार तनाव के बीच दोनों ने शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खा लिया।दोनों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां गगनदीप कौर की मौत हो गई। हाकम सिंह का इलाज जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

जीरकपुर थाना प्रभारी जसवीर सिंह तूर के अनुसार, मौके से 7 पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पुलिस इसकी फॉरेंसिक और राइटिंग जांच करवा रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस कथित सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों, 36 लाख रुपये के लेन-देन, वीजा दस्तावेजों और एजेंट की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुसाइड नोट में क्या-क्या लिखा?

मेरा नाम हाकम सिंह है। मेरी पत्नी का नाम गगनदीप कौर है। हम गांव सेखां बरनाला के रहने वाले हैं। हमारे साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है। धोखा करने वाला झलूर गांव का एक एजेंट है, जिसका मोबाइल नंबर 80******90 है। अब मैं सारी बात शुरू से बता रहा हूं। मैं झलूर गांव SBSB पब्लिक स्कूल में पढ़ता था। यह एजेंट भी उसी स्कूल में पढ़ता था।

मुझे मेरे दोस्तों से पता चला कि अपने स्कूल का ये स्टूडेंट विदेश भेजने के लिए फाइल लगाता है। एक दिन वह मुझे बरनाला कचहरी में मिल गया। मैंने इसके साथ बात की कि मैं बाहर किसी कंट्री में जाना चाहता हूं। इसने मुझसे कहा कि तेरे पास कौन-कौन से डॉक्यूमेंट्स हैं? मेरे पास जो डॉक्यूमेंट्स थे, मैंने उसे बता दिए।

मैंने 12वीं पास की है। इसने मुझसे कहा कि तू 12वीं कर बाहर नहीं जा सकता। मैंने कहा कि कोई और रास्ता है? इसने मुझसे कहा कि तू IELTS कर ले। मैंने कहा कि मुझसे नहीं होगी। फिर वह बोला कि कोई IELTS वाली लड़की ढूंढ ले। मैंने कहा कि मेरे पास IELTS वाली कोई लड़की नहीं है।

फिर मैंने उसे बताया कि गांव में एक लड़की है। उसने पूछा कि लड़की IELTS कर सकती है? मैंने कहा कि लड़की PTE कर रही है। एजेंट ने कहा कि लड़की के साथ शादी करवानी पड़ेगी। मैंने जवाब दिया कि गांव की लड़की के साथ शादी कैसे होगी? एजेंट बोला कि एक बार शादी कर ले और कनाडा चला जा। मैं तुम दोनों को तलाक करवा दूंगा। मैंने कहा कि ठीक है।

लड़की ने PTE कर ली और हम दोनों ने शादी भी कर ली। शादी कराने वाले वकील का नंबर भी एजेंट ने ही दिया। फिर एजेंट ने कहा कि सर्टिफिकेट लेकर आओ, पहले स्टडी वीजा पर लड़की को बाहर भेजूंगा। उसके 6 महीने बाद उसने मेरी फाइल लगा दी। मैं डर रहा था तो एजेंट ने कहा कि तू डर मत, यह बात हम 3 लोगों के बीच में ही रहेगी। मैं, तेरी पत्नी गगनदीप और तेरे बीच।

मैंने कहा ठीक है। एजेंट बोला फाइल लगाने के बाद पहले 4 लाख रुपए देने होंगे। मैं प्रोसेस शुरू करता हूं। इसके मन में शुरू से धोखाधड़ी थी। एजेंट ने कहा था कि मैं सारे पैसे अपनी तरफ से लगाउंगा। हमारी बात हुई कि GSE हमें करना है। बाकी जो कॉलेज फीस है, वह गगन के एकाउंट से देनी पड़ेगी। मैंने कहा ठीक है।

सबकुछ ठीक चल रहा था। 8 महीने बात एजेंट कहता है कि गगन का रिफ्यूजल आ गया है। मैंने पूछा क्या बात है? एजेंट ने कहा कि मैं तेरे साथ हूं, टेंशन मत ले। मैंने कहा ठीक है। उसने कहा कि मैं तुम्हारी फाइल जॉर्जिया के लिए लगवा देता हूं। वहां भी कनाडा जैसा ही काम होता है। वहां मेरे दोस्त हैं। वे तुम्हें एयरपोर्ट से ले जाएंगे और काम दिलवाएंगे। मैं एजेंट की बातों में आ गया। उस समय मेरे पास कोई रास्ता नहीं था, क्योंकि मैंने शादी कर ली थी।

एजेंट ने कहा कि 1 लाख 35 हजार डॉक्यूमेंट रेडी होने के लगेंगे। मैंने उससे कहा कि पहले जो मैंने 4 लाख रुपए दिए थे, उसका क्या? एजेंट ने कहा कि कोई बात नहीं। मैं दोनों का वीजा अलग करूंगा। मैंने कहा ठीक है। उसके बाद 10 महीने हो गए। मैं फोन लगाता रहा, और ये कोई न कोई बहाना बनाकर टालता रहा।

एक दिन मुझसे कहता है कि 18-18 लाख रुपए का जुगाड़ कर सकते हो? मैं इटली भेज सकता हूं, लेकिन यह पेपर वीजा होगा। मैंने कहा कि वर्क वीजा पर जाऊंगा। पहले यह बताओ कि जॉर्जिया का क्या बना? एजेंट बोला कि अप्लाई कर दिया है। अगर वह पहले आ गया तो वहां चले जाना, लेकिन इटली तुम पति-पत्नी साथ जा सकते हो। इटली जाने के लिए पैसे जमा करने पड़ेंगे। मैंने कहा कि मैं नहीं कर सकता।

एजेंट ने कहा कि 85 हजार रुपए जुटा लो। बरनाला थाने में पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC) कराओ। मैंने PCC कराने के भी 35 हजार रुपए दिए। मैंने ये पैसे भी इसलिए दिए ताकि पुलिसवाले मेरे घर न आएं। इसके बाद सब ठीक था, लेकिन 7 महीने तक कोई जवाब नहीं आया। मैंने एजेंट ने पूछा कि अब मेरे पास क्या रास्ता है? मेरे पास 1 किला जमीन थी, जो मैंने इसके 18-18 लाख रुपए मांगने पर बेच दी थी।

मैंने उसे कई बार फोन किए, लेकिन उसकी ओर से कोई जवाब नहीं आया। एक दिन फोन कर बोला कि 15 दिन रुक जाओ, वीजा आएगा। मैंने उसकी बातों पर विश्वास कर लिया। 11 दिन बाद एजेंट का फोन आया कि दोनों का इटली का वर्क वीजा आ गया है। मैंने वीजा फोन पर देखा। मुझे नहीं पता था कि वह एडिट किया हुआ डॉक्यूमेंट था। उसके मन में शुरू से ही बेईमानी थी।

उसने मुझसे 36 लाख रुपए लिए। चाहो तो मेरे फोन की रिकॉर्डिंग निकालकर देख लो। पैसे लेने के लिए ये मेरे गांव सेखां आता था। बाद में ये मुझे ब्लैकमेल करने लगा कि लड़की के घर सब कुछ बता दूंगा। हमारे पासपोर्ट भी इसी के पास हैं। मैंने उससे विनती कि तू ऐसा मत कर। उसने कहा कि एक हल और है कि तुम घर से चले जाओ। तब घर से जाना हमारी मजबूरी बन गया था।

फिर मैंने अपने एक दोस्त से बात की। उसे सारी बात बताने के बाद एजेंट के कहने पर नेपाल की टिकट करवा ली। हम नेपाल चले गए। वहां जाकर भी एजेंट को वॉट्सऐप पर फोन करते रहे। इसके बाद एजेंट ने कहा कि तू जीरकपुर आ जा। मैंने टिकट कराए और जीरकपुर आ गया। जीरकपुर आए हमें 9 महीने हो गए, मैंने एजेंट को बहुत फोन किए लेकिन वह उठाता नहीं था। कभी नंबर ब्लॉक कर देता, कभी फोन उठाता तो कहता कि मैं तेरे पैसे दे दूंगा, मैंने भी किसी से आगे फाइल लगवाई थी।

आज फिर उसने फोन नहीं उठाया। अगर मैं एजेंट को गुस्से में कुछ कहता तो वह कहता था कि मेरे पास क्या सबूत है कि मैंने तुझसे पैसे लिए हैं। मैंने तुझे जाली वीजे दिए हैं। मैं तेरे बारे में तेरे गांव वालों को बता दूंगा कि तूने गांव की लड़की से शादी की हुई है। तू मेरा कुछ नहीं कर सकता। तुझसे जो होता है तू कर ले। मैंने बहुत नंबरों से एजेंट से वॉट्सऐप कॉल पर बात की। इसकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग और चैट भी हमारे पास है।

एक बार एजेंट ने मुझे इटली वाले वीजे लेकर मिलने के लिए बुलाया। एजेंट ने कहा कि अगर ये जाली हुए तो मैं पैसे वापस लौटा दूंगा। मैं सिर्फ अपना वीजा लेकर गया। वहां एजेंट 4 और लोगों के साथ आया। उसने मेरा इटली वाला जाली वीजा ले लिया। उसके साथ आए 4 लोगों ने मुझे पीटा और मेरा आईफोन 14 प्रोमैक्स भी छीन लिया।

उसने कहा कि गगनदीप वाला वीजा कहां है, मैंने कहा कि जहां मैं रहता हूं, वहीं है। एजेंट ने फिर धमकी दी कि जो करना है कर ले, तू मेरा कुछ नहीं कर सकता। उसने कहा कि तेरे फोन में डॉक्यूमेंट हैं, मैं फोन ही खत्म कर दूंगा। मैं उस वक्त पुलिस स्टेशन भी नहीं जा सकता था। एजेंट ने घर फोन कर दिया था तो मैं डर गया। मेरे पास वह सबूत अभी भी हैं। पत्नी गगनदीप का वीजा है, जिस पर एजेंट के फिंगर प्रिंट भी हैं कि इसने हमें वीजा दिया। एजेंट ने मुझे फोन पर एक फोटो भेजी थी, मुझे वीडियो भी भेजा, हमें ब्लैकमेल कर रहा है।