डेली संवाद, नई दिल्ली। New Government: रेटिंग एजेंसी इक्रा ने शुक्रवार को कहा कि नई सरकार रेल, सड़क और पानी पर ज्यादा आवंटन के साथ इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित रखना जारी रखेगी। नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री का पद संभालेंगे। हालांकि, उम्मीद से कम सीटें मिलने के कारण उनकी पार्टी भाजपा को गठबंधन सरकार में सत्ता साझा करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें: कनाडा पीआर के लिए कितने प्वाइंट्स जरुरी है, जाने पूरी खबर
रेटिंग एजेंसी ने एक बयान में कहा कि सभी हितधारकों को ध्यान में रखते हुए नई सरकार की प्राथमिकता में कुछ बदलाव हो सकता है। लेकिन विकास की गति बनाए रखने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर पर पूंजीगत व्यय को जारी रखे जाने की उम्मीद है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर पर खर्च से जीडीपी पर सकारात्मक असर होता है और इससे रोजगार का सृजन भी होता है। चुनावों में राजग को कुल 293 सीटें मिली हैं, जो 543 सदस्यीय लोकसभा में बहुमत के लिए जरूरी 272 सीटों से ज्यादा है।
गठबंधन से निर्णय लेने की प्रक्रिया होगी धीमी
मूडीज एनालिटिक्स ने शुक्रवार को कहा कि गठबंधन सरकार में कम होती राजनीतिक स्थिरता और आम सहमति बनाने की आवश्यकता के कारण निर्णय लेने की प्रक्रिया धीमी हो सकती है। मूडीज एनालिटिक्स ने एक नोट में कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों का मतलब है कि संसद में गतिशीलता बदलने वाली है।
यह भी पढ़ें: पंजाब में ज्वाइंट डायरेक्टर गिरफ्तार, GST स्कैम का पर्दाफाश
इससे गठबंधन के सहयोगी नीतिगत निर्णयों में प्रभाव और लाभ प्राप्त करेंगे, जिससे शासन के लिए अधिक समावेशी दृष्टिकोण की अनुमति मिलेगी। मूडीज एनालिटिक्स की एसोसिएट इकोनमिस्ट अदिति रमन ने कहा कि कम होती राजनीतिक स्थिरता और आम सहमति बनाने की आवश्यकता निकट भविष्य में निवेशकों के विश्वास को कम कर सकती है।








